विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारों पर यात्रियों को राहत देगा UPSRTC, गाजियाबाद रीजन में दिवाली पर 245 आरक्षित बसें रहेंगी तैयार

Published: Fri, 30 Oct 2026 08:17 AM (IST)

यूपीएसआरटीसी के एमडी ने त्योहारी सीजन के मद्देनजर सभी रोडवेज बसों के रखरखाव के सख्त आदेश दिए हैं ताकि यात्रियों को परेशानी न हो।

UPSRTC ने जारी किए सख्त आदेश

UPSRTC ने जारी किए सख्त आदेश

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। दीवाली समेत आगामी त्योहारों के दौरान रास्ते में चलते हुए रोडवेज बस खराब हुई तो संबंधित डिपो के अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह ने गाजियाबाद रीजन के सभी डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को कड़े आदेश दिए गए हैं। प्रबंध निदेशक ने आदेश जारी करते हुए कहा कि सभी पहले से ही बसों की कमियों को दुरुस्त कर लें।

परिवहन निगम गाजियाबाद रीजन के कौशांबी, साहिबाबाद, लोनी, हापुड़, सिकंदराबाद, खुर्जा, बुलंदशहर डिपो से रोडवेज बसों के 250 अतिरिक्त फेरे बढ़ाने की तैयारी कर रहा है, जिससे लोगों को घर जाने में परेशानी न हो।

सभी बसों का मेंटेनेंस कराने के आदेश 

इसी को ध्यान में रखते हुए एमडी ने सभी बसों का मेंटेनेंस कराने के आदेश दिए हैं। वातानुकूलित बसों, सामान्य बसों इंजनों की जांच, शीशे, इंडिकेटर समेत सभी कमियों को दूर करने के लिए कहा गया है। वहीं जो बसें वर्कशाप में खराब खड़ी हुई हैं, उनका भी मेंटेनेंस करके संचालन करना है।

दरअसल साहिबाबाद व कौशांबी डिपो में 30 से अधिक बसें मेंटेनेंस के लिए खड़ी हुई हैं। सूत्रों ने बताया कि कई बसें ऐसी हैं, जिन्हें दो सप्ताह से अधिक हो गए, जबकि अधिकारियों का कहना है कि निगम के पास कर्मियों की कोई कमी नहीं है। इसकी रिपोर्ट 31 अक्टूबर तक सभी डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों से फोटो के साथ मांगी गई है।

डिपो वार आरक्षित बसों की सूची

  • कौशांबी- 45
  • साहिबाबाद- 45
  • लोनी- 35
  • हापुड़- 30
  • सिकंदराबाद- 30
  • बुलंदशहर- 30
  • खुर्जा- 30
  • कुल- 245

'त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले रीजन के सभी डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को बसों का मेंटेनेंस कराने के आदेश दिए गए हैं। अगर किसी की भी लापरवाही सामने आई तो स्पष्टीकरण मांगते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।'

-केसरी नंदन चौधरी, क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपीएसआरटीसी

यह भी पढ़ें- साहिबाबाद : भूमि विवाद में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता की हत्या, 280 वर्ग गज प्लॉट के लिए चली गोली; 4 गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के साहिबाबाद में पाइपलाइन लीकेज से हाहाकार, गंदे पानी की सप्लाई से 20 हजार लोग बेहाल