'SIR में घटे हिंदू मतदाता', CM योगी के सवाल के बाद अब पंचायत सूची से होगा वोटरों का मिलान; 2.38 करोड़ का अंतर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा हिंदू मतदाताओं की संख्या घटने पर सवाल उठाने के बाद, राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत और विधानसभा मतदाता सूचियों का मिलान करने का निर्णय लिया है।

HighLights
योगी ने हिंदू मतदाताओं की संख्या घटने पर सवाल उठाए।
राज्य निर्वाचन आयोग पंचायत-विधानसभा मतदाता सूचियों का मिलान करेगा।
पात्र मतदाताओं को जोड़ने, सरकारी लाभार्थियों की जांच का लक्ष्य।
अभिषेक सिंह, गाजियाबाद। चुनाव आयोग के निर्देश पर हुए एसआईआर में हिंदू मतदाताओं की संख्या कम हुई है। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह सवाल उठाकर विपक्ष को निशाने पर लिया और एसआईआर में हुई गड़बड़ियों पर भी सवाल उठाया था।
उन्होंने पंचायत चुनाव की मतदाता सूची और विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में अंतर बताया है। मुख्यमंत्री द्वारा सवाल उठाए जाने के बाद अब विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों की मतदाता सूची का पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से भी मिलान करने का निर्णय राज्य निर्वाचन आयोग ने लिया है। जिससे कि पात्र मतदाताओं की संख्या बढ़ाई जा सके।
पंचायत और विधानसभा वोटर लिस्ट में है 2.38 करोड़ मतदाताओं का अंतर
शुक्रवार को गाजियाबाद में दौरे के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने भी स्वीकार करते हुए कहा कि वर्तमान में पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में 12.58 करोड़ मतदाता हैं, जबकि विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में ग्रामीण क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 10.20 करोड़ है, इसमें 2.38 करोड़ मतदाताओं का अंतर है।
उन्होंने कहा कि 17 नवंबर से शुरू हो रहे अभियान के दौरान पंचायत चुनाव की मतदाता सूची और विधानसभा चुनाव की ग्रामीण क्षेत्र की मतदाता सूची के प्रत्येक मतदाता का मिलान किया जाएगा। पंचायत चुनाव में जिन पात्र मतदाताओं का नाम शामिल है, उनका नाम विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में भी शामिल कराया जाएगा।
जुड़वाए जाएंगे कटे नाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी योजना का लाभ ले रहे कई लाभार्थियों का नाम भी मतदाता सूची में शामिल न होने की बात कही थी, ऐसे में राज्य निर्वाचन आयोग सभी राशन कार्ड धारकों सहित अन्य लाभार्थियों का नाम मतदाता सूची में शामिल है या नही है, इसकी भी जांच कराएगा।
इसके लिए कोटेदारों सहित अन्य विभागीय अधिकारियों की मदद ली जाएगी। 18 साल से अधिक उम्र वाले सरकारी योजना के सभी लाभार्थियों से उनका मतदाता पहचान पत्र प्राप्त कर उसका सत्यापन कराया जाएगा, यदि एसआईआर के दौरान किसी का नाम मतदाता सूची से कट गया है तो उसका नाम मतदाता सूची में जुड़वाया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।