विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट से कटे 2.61 करोड़ मतदाताओं के नाम, चुनाव आयोग अब 17 नवंबर से चलाएगा विशेष अभियान

Published: Fri, 13 Nov 2026 07:30 PM (IST)

उत्तर प्रदेश में 2.61 करोड़ पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से बाहर हैं, जिसके लिए चुनाव आयोग 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाएगा।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 2.61 करोड़ पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से बाहर।

  2. 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा विशेष पुनरीक्षण अभियान।

  3. आधार कार्ड से भी अब मतदाता सूची में नाम जुड़ेगा।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में वर्तमान में 18 साल से अधिक उम्र के लोगों की संख्या 16.17 करोड़ होने का अनुमान है, जबकि मतदाता सूची में 13.56 करोड़ लोगों का नाम बतौर मतदाता दर्ज है।

अभी 2.61 करोड़ पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से बाहर होने का अनुमान है, इन लोगों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक विशेष विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं की पहचान कर उनसे फार्म संख्या छह भरवाकर मतदाता सूची में दर्ज कराने का कार्य करेंगे।

यह बातें उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को गाजियाबाद में कलक्ट्रेट परिसर में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा बैठक के बाद कहीं।

गाजियाबाद में हटे सबसे ज्यादा नाम

उन्होंने गाजियाबाद में अचानक समीक्षा बैठक करने की वजह के बारे में कहा कि एसआईआर के दौरान पूरे उत्तर प्रदेश में लगभग 18.70 प्रतिशत नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे, लेकिन गाजियाबाद में 29 प्रतिशत मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से हटाया गया था।

गाजियाबाद उन शीर्ष तीन जिलों में शामिल है, जहां पर सर्वाधिक नाम हटाए गए। एसआईआर से पहले उत्तर प्रदेश में 15.44 करोड़ से अधिक मतदाता थे, जो कि एसआईआर के पहले चरण के बाद जनवरी माह में घटकर 12.55 करोड़ रह गए।

लगभग 2.89 करोड़ मतदाताओं के फार्म मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज कराने के लिए नहीं मिले थे, इस वजह से उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया। इनमें मृतक, शिफ्टेड, अनुपस्थित, डुप्लीकेट सहित अन्य मतदाता शामिल होने बताए गए।

अब आधार कार्ड से नाम होगा मतदाता सूची में शामिल

एसआईआर के दौरान 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाता सूची की मैपिंग की गई और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आधार कार्ड के अलावा भी एक दस्तावेज मांगा जा रहा था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब आधार कार्ड के माध्यम से पात्र व्यक्ति अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन 17 नवंबर को किया जाएगा, इसमें उत्तर प्रदेश में 18 साल से अधिक उम्र के व्यक्ति यह चेक कर सकेंगे कि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल है या नही है। यदि किसी का नाम मतदाता सूची में शामिल नही है तो वह अपना नाम बीएलओ के माध्यम से मतदाता सूची में जुड़वा सकता है।

मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन होने के बाद 16 दिसंबर तक दावे व आपत्ति प्राप्त किए जाएंगे। दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक कर लिया जाएगा, इसके बाद जनवरी माह में फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

यह भी पढ़ें- कहीं शादी में तो कहीं टूर, BLO की फोन कॉल्स का नहीं मिल रहा जवाब; गाजियाबाद में धीमी पड़ी SIR प्रक्रिया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।