त्योहारों पर यात्रियों को नहीं होगी परेशानी, परिवहन निगम ने 8 डिपो में खराब बसों की मरम्मत के दिए निर्देश
क्षेत्रीय प्रबंधक ने आगामी त्योहारों को देखते हुए दीवाली से पहले खराब बसों का मेंटेनेंस कराकर संचालन शुरू करने के आदेश दिए हैं।

खराब बसों के मेंटेनेंस के निर्देश जारी
HighLights
दीवाली से पहले बसों का मेंटेनेंस कराने के आदेश।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने सभी डिपो को दिए निर्देश।
त्योहारों में यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। आगामी त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। दीवाली से पहले वर्कशॉप में खराब खड़ी बसों का मेंटेनेंस कराकर उनका संचालन शुरू कराया जाएगा, ताकि त्योहार के दौरान बसों की कमी न हो और यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसको लेकर क्षेत्रीय प्रबंधक की ओर से रीजन के सभी आठ डिपो कौशांबी, साहिबाबाद, लोनी, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, खुर्जा और सिकंदराबाद के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देश में कहा गया है कि दीवाली से पहले वर्कशॉप में खड़ी खराब बसों को ठीक कराकर संचालन में लिया जाए।
साथ ही, सभी डिपो से यह भी रिपोर्ट मांगी गई है कि उनके डिपो में कितनी बसें खराब खड़ी हैं।क्षेत्रीय प्रबंधक केसरी नंदन चौधरी ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में यात्रियों को अपने शहर पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पहले से ही तैयारी शुरू कर दी गई है, जिससे त्योहार पर संचालन सुचारू रह सके।
