त्योहारी सीजन में कल से बाजारों के पास स्कूलों-कॉलेजों में मिलेगी पार्किंग, जाम से बचाने को ट्रैफिक पुलिस का प्लान
चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने दीवाली पर बाजारों में भीड़भाड़ कम करने के लिए 28 अक्टूबर से 8 नवंबर तक पार्किंग ...और पढ़ें

स्कूल और कॉलेजों में पार्किंग व्यवस्था दीवाली तरह रहेगी। (एआई जनरेटेड इमेज)
HighLights
दीवाली तक 21 बाजारों के पास स्कूलों में पार्किंग मिलेगी।
छुट्टी के बाद और अवकाश पर वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
सड़क या फुटपाथ पर पार्किंग करने पर वाहन टो होगा।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। त्योहारी सीजन में बाजारों के पास सरकारी स्कूल और कॉलेजों में पार्किंग मिलेगी। पुलिस ने खरीदारों को ट्रैफिक जाम से बचाने के लिए यह व्यवस्था की है, जोकि 28 अक्टूबर से 8 नवंबर दीवाली तक लागू रहेगी।
इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों से अपील की है कि बाजारों में जाने के लिए जहां संभव हो, पैदल जाएं या कार पूलिंग का इस्तेमाल करें। भीड़भाड़ के समय यात्रा करने से बचें और वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।
ट्रैफिक पुलिस ने बाजारों में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए सरकारी स्कूलों और काॅलेजों के पार्किंग स्थल इस्तेमाल करने की व्यवस्था भी की है। इन स्थानों पर स्कूल समय के बाद और छुट्टियों के दिन पूरे समय वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
21 बाजारों के लिए पार्किंग की व्यवस्था
सेक्टर-8 मार्केट आने वाले लोग सरकारी माॅडल हाई स्कूल में वाहन पार्क कर सकते हैं। सेक्टर-15 मार्केट के लिए सरकारी माॅडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-15सी, गुरुद्वारा साहिब के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सेक्टर-18 मार्केट के लिए सरकारी गर्ल्स माडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-18डी में वाहन खड़े किए जा सकेंगे। सेक्टर-19 मार्केट आने वाले लोगों के लिए सरकारी हाई स्कूल, सेक्टर-19डी और सरकारी माॅडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-19सी में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
इसी तरह सेक्टर-20 मार्केट के लिए सरकारी गर्ल्स माॅडल स्कूल, सेक्टर-20बी और सरकारी माडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल व सरकारी माॅडल हाई स्कूल, सेक्टर-20डी में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सेक्टर-22 मार्केट के लिए सरकारी माॅडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-22ए और सरकारी माॅडल हाई स्कूल, सेक्टर-22सी में वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
सेक्टर-29 से मनीमाजरा तक स्कूलों में पार्किंग
सेक्टर-29 मार्केट आने वाले लोग सरकारी माॅडल हाई स्कूल, सेक्टर-29बी, सरकारी हाई स्कूल, सेक्टर-29बी और सरकारी माॅडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-29ए में वाहन पार्क कर सकेंगे। सेक्टर-30 मार्केट के लिए सरकारी माॅडल हाई स्कूल, सेक्टर-30 में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सेक्टर-32 मार्केट के लिए सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-32सी, जबकि सेक्टर-34 मार्केट के लिए सरकारी माॅडल हाई स्कूल, सेक्टर-34सी में वाहन पार्क किए जा सकेंगे। सेक्टर-35 मार्केट के लिए जीएमएच स्कूल, सेक्टर-35डी और सरकारी माॅडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-35सी में पार्किंग उपलब्ध होगी।
सेक्टर-36 मार्केट के लिए जीएमएच स्कूल, सेक्टर-36सी, सेक्टर-37 मार्केट के लिए जीएमएच स्कूल और जीएमएस, सेक्टर-37सी तथा सेक्टर-38 मार्केट के लिए जीएमएच स्कूल, सेक्टर-38डी में वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
सेक्टर-40 मार्केट के लिए जीएमएच स्कूल, सेक्टर-40ए और सरकारी माॅडल स्कूल, सेक्टर-40बी में पार्किंग की सुविधा होगी। सेक्टर-41 मार्केट आने वाले लोग सरकारी माॅडल स्कूल, सेक्टर-41डी, बड़हेड़ी में वाहन पार्क कर सकेंगे।
सेक्टर-44 मार्केट के लिए सरकारी माडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-44 और सेक्टर-45 मार्केट के लिए सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-45डी में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सेक्टर-46 मार्केट आने वाले लोग सरकारी काॅलेज, सेक्टर-46 की पार्किंग और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-46डी में वाहन खड़े कर सकेंगे। सेक्टर-47 मार्केट के लिए सरकारी माॅडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-47सी में पार्किंग उपलब्ध होगी।
मनीमाजरा में सरकारी माॅडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बस स्टैंड के पास सरकारी माॅडल हाई स्कूल और सरकारी माॅडल हाई स्कूल, मनीमाजरा में वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
सड़क और फुटपाथ पर पार्किंग की तो होगी कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सड़क पर वाहन पार्क न करने की हिदायत दी है। नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन टो किया जा सकता है या पहिया लाक किया जा सकता है। साइकिल ट्रैक और पैदल चलने वालों के रास्तों पर वाहन चलाने या पार्क करने से भी बचने को कहा गया है।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वाहन में कीमती सामान छोड़कर न जाएं और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें। वाहन से सामान चोरी होने की स्थिति में ट्रैफिक पुलिस जिम्मेदार नहीं होगी। यदि किसी का वाहन टो या क्लैंप किया जाता है, तो वह ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 112 या 1073 पर संपर्क कर सकता है।
