त्योहारों पर रेलवे का तोहफा, 19 स्पेशल ट्रेनें शुरू; यूपी-बिहार के यात्रियों को मिलेगी राहत
रेलवे ने दिवाली और छठ पर्व के लिए 19 त्योहार विशेष ट्रेनें शुरू की हैं। इन ट्रेनों से बिहार, उत्तर ...और पढ़ें

त्योहारों पर रेलवे ने चलाईं 19 स्पेशल ट्रेनें, बिहार-यूपी जाने वालों को मिलेगी राहत।
HighLights
रेलवे ने दिवाली-छठ के लिए 19 विशेष ट्रेनें चलाईं।
बिहार, यूपी जाने वाले यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत।
अंबाला मंडल से कई प्रमुख शहरों के लिए ट्रेनें।
जागरण संवाददाता, अंबाला। दिवाली और छठ पर्व के दौरान घर जाने के लिए जद्दोजहद कर रहे यात्रियों को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने 19 त्योहार विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है।
इन ट्रेनों से बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य प्रमुख गंतव्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। साथ ही नियमित चलने वाली ट्रेनों पर भी दबाव कम होगा।
अंबाला मंडल की ओर से जारी सूची के अनुसार, चंडीगढ़ से बरौनी, वाराणसी और पटना के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। वहीं, अंबाला छावनी से मऊ, बठिंडा से वाराणसी और फिरोजपुर से पूर्णिया के बीच भी विशेष रेलगाड़ियों का संचालन निर्धारित किया गया है। इसके अलावा अमृतसर से कटिहार, कोलकाता, बरौनी, जयनगर और छपरा जैसे गंतव्यों के लिए भी ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी।
जम्मूतवी और श्री माता वैष्णो देवी कटरा से वाराणसी, छपरा से पठानकोट, जालंधर सिटी से मुजफ्फरपुर के बीच भी विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। उधमपुर से आगरा कैंट के बीच विशेष ट्रेन का संचालन दो नवंबर से 30 नवंबर तक निर्धारित है।
रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम में अधिकांश विशेष ट्रेनों का संचालन अक्टूबर और नवंबर के दौरान निर्धारित किया गया है। अलग-अलग ट्रेनों की अवधि अलग है। ऐसे में यात्रियों को यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की तारीख और संचालन दिवस की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि टिकट बुक कराने और यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और सीटों की उपलब्धता की जानकारी आधिकारिक रेलवे वेबसाइट, नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम या रेल मदद के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।
