विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP में गर्भवती महिलाओं के लिए अनिवार्य हुई HIV और सिफलिस की जांच, NHM निदेशक ने सभी CMO को जारी किए सख्त निर्देश

Published: Sun, 29 Nov 2026 05:21 PM (IST)

प्रदेश सरकार ने मां और शिशु को एचआईवी और सिफलिस से बचाने के लिए गर्भवती महिलाओं की इन बीमारियों की जांच अनिवार्य कर दी है।

सरकारी अस्पताल में महिलाएं। फोटो-जागरण आर्काइव

सरकारी अस्पताल में महिलाएं। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. गर्भवती महिलाओं के लिए एचआईवी, सिफलिस जांच अब अनिवार्य।

  2. मां से शिशु में संक्रमण रोकने को मुहिम तेज।

  3. उच्च जोखिम वाली महिलाओं की दोबारा जांच के निर्देश।

मदन पांचाल, गाजियाबाद। प्रदेश सरकार ने मां और शिशु को एचआईवी से बचाने की मुहिम तेज कर दी है। इसके लिये गर्भवती की एचआईवी और सिफलिस जांच अनिवार्य कर दी गई है। अभी तक यह जांच अनिवार्य नहीं थी।

एनएचएम निदेशक ने प्रदेश के सभी सीएमओ को जांच के लिये सख्त निर्देश दिये हैं। निर्देश सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में लागू होंगे।

सभी गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच के निर्देश

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) उत्तर प्रदेश ने उच्च जोखिम (हाई रिस्क/एट रिस्क) वाली गर्भवती महिलाओं में एचआईवी और सिफलिस की तीसरी तिमाही अथवा प्रसव के दौरान दोबारा जांच (रिपीट स्क्रीनिंग) सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।

मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवल द्वारा प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को भेजे गए पत्र में मां से शिशु में एचआईवी और सिफलिस के संचरण को समाप्त करने के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया है।

सभी अस्पतालों में मिल रही नि:शुल्क जांच सुविधा

पत्र के अनुसार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) के दिशा-निर्देशों के तहत मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के आईसीटीसी व पीपीसीटीसी केंद्रों के अलावा वीएचएसएनडी और पीएमएसएमए दिवसों पर एचआइवी व सिफलिस की नि:शुल्क जांच की सुविधा दी जा रही है।

जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए सभी स्क्रीनिंग केंद्रों पर ड्यूल आरडीटी किट की पर्याप्त उपलब्धता, उचित भंडारण, कोल्ड-चेन रखरखाव और इन्वेंट्री प्रबंधन की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिये गये हैं।

सभी स्वास्थ्य कर्मियों को सख्त निर्देश

स्वास्थ्य कर्मियों को रिपीट स्क्रीनिंग और किट प्रबंधन को लेकर नियमित प्रशिक्षण व सपोर्टिव सुपरविजन देने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही, प्रसव के समय या उसके बाद संक्रमण की पहचान होने वाले मामलों की समीक्षा कर एएनसी स्क्रीनिंग व रेफरल तंत्र की कमियों को दूर करने पर बल दिया गया है।

पॉजिटिव महिलाओं को नियमित उपचार  के निर्देश

एनएचएम ने स्पष्ट किया है कि जांच में एचआईवी या सिफलिस पाजिटिव पाई जाने वाली प्रत्येक गर्भवती महिला को समयबद्ध उपचार और आवश्यक देखभाल सेवाओं से जोड़ा जाए।

सभी जिलों को निर्देशित किया गया है कि स्वास्थ्य इकाइयों पर इन बिंदुओं का अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए नियमित समीक्षा करें और किसी भी स्तर पर मिलने वाली कमी का तत्काल समाधान करें।

शासन के निर्देशों का अनुपालन करने के लिये सभी नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को निर्देशित कर दिया गया है। जांच निश्शुल्क होगी।
- डॉ. आरके गुप्ता, नोडल एनयूएचएम

केंद्र पर एक,नौ,16 और 24 तारीख को गर्भवती महिलाओं की रूटीन जांच की जाती हैं। अब एचआइवी और सिफलिस जांच भी कराई जायेगी।
- डॉ. प्रियंका समानिया, प्रभारी नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर

यह भी पढ़ें- Exclusive: अब हर बच्चा बनेगा 'लॉयर', गाजियाबाद के 655 सरकरी और निजी स्कूलों में एक्सपर्ट्स पढ़ाएंगे कानून का पाठ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।