विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद के 64 केंद्रों पर होगी यूपी बोर्ड परीक्षा, 57 हजार छात्र-छात्राएं होंगे शामिल; अंतिम सूची जारी

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:28 PM (IST)

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए गाजियाबाद में 64 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

गाजियाबाद में यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र की सूची जारी। फोटो-जागरण आर्काइव

गाजियाबाद में यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र की सूची जारी। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. गाजियाबाद में यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के 64 केंद्र निर्धारित।

  2. लगभग 57 हजार विद्यार्थी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल।

  3. नकल रोकने हेतु केंद्रों पर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए जिले में 64 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी गई।

केंद्र निर्धारण समिति की मंजूरी के बाद सूची को परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों को लेकर चल रही प्रक्रिया पूरी हो गई है।

57 हजार विद्यार्थी परीक्षा में होंगे शामिल

इस बार जिले में करीब 57 हजार विद्यार्थी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के करीब 27 हजार और इंटरमीडिएट के 30 हजार से अधिक परीक्षार्थी हैं।

पंजीकरण के आंकड़ों के अनुसार, दोनों कक्षाओं को मिलाकर छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक है। हाईस्कूल में करीब 13 हजार छात्राएं और इंटरमीडिएट में लगभग 17 हजार छात्राएं पंजीकृत हैं। इस तरह दोनों कक्षाओं में करीब 30 हजार छात्राएं परीक्षा देंगी। वहीं छात्रों की संख्या करीब 27 हजार है।

55 आपत्तियों का किया गया था निस्तारण

परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया के तहत पहले प्रस्तावित सूची जारी की गई थी। जिले में प्रस्तावित केंद्रों को लेकर विद्यालयों, विद्यार्थियों और अभिभावकों से आपत्तियां मांगी गई थीं। माध्यमिक शिक्षा विभाग को करीब 70 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। इनमें से 55 आपत्तियों का निस्तारण किया गया।

इसके बाद जिला स्तरीय समिति की संस्तुति पर एक अतिरिक्त केंद्र शामिल करते हुए 64 केंद्रों की संशोधित सूची परिषद को भेजी गई थी। 16 नवंबर को संशोधित सूची जारी होने के बाद 21 नवंबर तक दोबारा आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया था। इनके निस्तारण के बाद 26 नवंबर को अंतिम सूची जारी की गई।

केंद्रवार आवंटित विद्यार्थियों का भी दिया विवरण

अंतिम सूची में सभी 64 परीक्षा केंद्रों के नाम और केंद्र कोड के साथ प्रत्येक केंद्र पर आवंटित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों का विवरण दिया गया है।

इसमें संबंधित विद्यालयों के नाम, छात्र-छात्राओं की संख्या और इंटरमीडिएट के विज्ञान एवं अन्य वर्गों का अलग-अलग ब्योरा शामिल है। विद्यार्थी अपने विद्यालय के माध्यम से आवंटित परीक्षा केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

नकल रोकने के लिए होंगे विशेष इंतजाम

बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। केंद्रों के स्ट्रांग रूम और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए डबल लाक अलमारी तथा नाइट विजन सीसीटीवी कैमरों से निगरानी का प्रावधान है।

परीक्षा केंद्र निर्धारण नीति के अनुसार सामान्य परीक्षार्थियों के लिए अधिकतम 12 किलोमीटर और छात्राओं के लिए सात किलोमीटर की दूरी तक केंद्र निर्धारित करने का प्राविधान रखा गया है।

यह भी पढ़ें- बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, 15 अधिकारियों का हुआ तबादला; राहुल पंवार बने गाजियाबाद के नए BSA

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।