बिना टैक्टर-ट्रॉली ढके ढोया जा रहा कूड़ा
स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल आने के लिए गाजियाबाद नगर निगम कड़ी मशक्कत कर रहा है लेकिन कूड़े से लदी बिना ढकी ट्रैक्टर - ट्रॉलियां सफाई - व्यवस्था पर बदनुमा दाग साबित हो रही हैं। ट्रॉलियों से बिखरते कूड़े से वातावरण दूषित हो रहा है। राहगीरों को भी परेशानी हो रही है।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल आने के लिए गाजियाबाद नगर निगम कड़ी मशक्कत कर रहा है, लेकिन कूड़े से लदी बिना ढंकी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सफाई-व्यवस्था पर बदनुमा दाग साबित हो रही हैं। ट्रॉलियों से बिखरते कूड़े से वातावरण तो दूषित हो रहा है, राहगीरों को भी परेशानी हो रही है।
गाजियाबाद नगर निगम की ओर से इन दिनों स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत विभिन्न अभियान चल रहे हैं। उसमें लोगों को भी जोड़ा जा रहा है। स्कूलों और सामाजिक संस्थाओं को भी शामिल किया जा रहा है। सुबह से शाम तक नगर निगम के अधिकारी विभिन्न माध्यमों से सफाई के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे हैं। दिन और रात में नगर निगम के सफाई कर्मी सड़कों पर झाड़ू लगा रहे हैं लेकिन नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर बिना ढके कूड़ा ढो रही हैं। इससे कूड़ा फैल रहा है। बृहस्पतिवार को वसुंधरा सेक्टर-दो में मेवाड़ कट के पास बिना ढके कूड़ा ले जाती नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली फर्राटा भरती देखी गई। ऐसा नजारा सड़कों पर अकसर दिखाई देता है। लोगों का कहना है कि बिना ढके कूड़ा ले जाने पर गंदगी फैलती है। जिन मार्गों से ट्रैक्टर-ट्रॉली जाती है, वहां बदबू फैलती है। सड़क पर कूड़ा गिरने से कई बार दो पहिया वाहन चालक फिसल कर चोटिल भी हो जाते हैं। वहीं, सफाई निरीक्षक योगेंद्र यादव ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से ढंककर कूड़ा ले जाया जाता है। कोई चालक बिना ढके कूड़ा ले जा रहा है, तो जांच कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।