विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इस आतंकी संगठन ने ली गाजियाबाद की वसुंधरा चौकी ब्लास्ट की जिम्मेदारी, जांच में जुटीं NIA-ATS समेत ये एजेंसियां

Published: Sun, 08 Nov 2026 02:04 AM (IST)

गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित वसुंधरा चौकी के बाहर शुक्रवार रात जोरदार धमाका हुआ, जिसकी जिम्मेदारी 'तहरीक-उल-मुजाहिद्दीन हिंदुस्तान' संगठन ने ली है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा चौकी के बाहर शुक्रवार रात तेज धमाका हुआ। शुरुआती जांच में पता चला है कि धमाका चौकी की दीवार के साथ हुआ था। तहरीक-उल-मुजाहिद्दीन हिंदुस्तान संगठन ने इसकी जिम्मेदारी ली है। घटना के बाद शनिवार को दिनभर आइबी, एटीएस, एनआइए के अलावा स्थानीय खुफिया इकाई, विशेष जांच शाखा व दिल्ली पुलिस की टीमें जांच करती रहीं।

एजेंसियां पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी का नेटवर्क भी तलाश रही हैं। गाजियाबाद पुलिस ने रिपोर्ट लखनऊ मुख्यालय को भेज दी है। गाजियाबाद में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। शुक्रवार रात वसुंधरा चौकी पर दारोगा विकास कुमार मौजूद थे।

विकास ने आनलाइन खाने का आर्डर किया था। रात करीब नौ बजे डिलीवरी ब्वाय ईशान खाना देने पहुंचा, तभी चौकी के बाहर तेज विस्फोट हो गया। इससे चौकी की दीवारों में दरार आ गई और खिड़की उखड़ने के साथ शीशे टूट गए। चौकी के अंदर का सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ, जबकि शीशे लगने से ईशान घायल हो गया, उसे तत्काल पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह उसे छुट्टी दे दी गई।

गाजी-2 अकाउंट से शेयर की वीडियो

घटना के बाद एक्स पर गाजी-2 अकाउंट से एक वीडियो और पोस्ट शेयर की गई है। इसमें तहरीक-उल-मुजाहिद्दीन हिंदुस्तान ने इस धमाके की जिम्मेदारी ली है। उसने एक्स पर गाजी-2 अकाउंट से किए पोस्ट में कहा है कि 'आज मैं ऐलान करता हूं कि हमने भगवा हुकूमत के खिलाफ गाजियाबाद में पुलिस को निशाना बनाया है। हमारे इस फैसले की वजह बिल्कुल स्पष्ट होनी चाहिए। हमें भी अपने वजूद के बचाव का हक है'।

जांच एजेंसियों ने घटनास्थल से मिट्टी, पौधे व अन्य नमूने एकत्र लिए गए। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह विस्फोटक एलिवेटेड रोड से फेंका गया है। शनिवार को ही पुलिस को एलिवेटेड रोड पर दिल्ली नंबर की एक संदिग्ध स्कूटी बरामद हुई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। दारोगा विकास कुमार ने मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एटीएस के डीआइजी अभिषेक यादव ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में नंबर मांगने का विरोध करने पर युवती के घर में घुसकर हमला, रॉड से फोड़ा सिर

पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ का कहना है कि चौकी के बाहर धमाके की सूचना मिलने के बाद साक्ष्य जुटाकर जांच के लिए भेजे गए हैं। बम निरोधक दस्ता, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम जांच कर रही है। इसी साल एजेंसियों ने कौशांबी थाना क्षेत्र में पाकिस्तान से चल रहे जासूसी माड्यूल का भंडाफोड़ कर आरोपितों को गिरफ्तार किया था। अंदेशा है कि इसका बदला लेने के लिए यह धमाका कराया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।