विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब्रज की मिठास से अवध के शाही जायके तक, गाजियाबाद में 9 अक्टूबर को सजेगा यूपी के स्वाद का संगम

Published: Wed, 07 Oct 2026 06:24 AM (IST)Updated: Wed, 07 Oct 2026 07:05 AM (IST)

दैनिक जागरण द्वारा गाजियाबाद में 'टेस्ट ऑफ उत्तर प्रदेश' का आयोजन किया जा रहा है, जहाँ प्रदेश के छह सांस्कृतिक ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. गाजियाबाद में दैनिक जागरण द्वारा 'टेस्ट ऑफ उत्तर प्रदेश' का आयोजन।

  2. ब्रज से अवध तक, छह क्षेत्रों के विविध व्यंजन एक साथ।

  3. खाद्य उद्यमियों को मंच और विशेषज्ञों संग चर्चा का अवसर।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश का स्वाद किसी एक शहर या व्यंजन तक सीमित नहीं है। यदि आप ब्रज की मिठास, अवध के शाही जायके, पूर्वांचल के पारंपरिक पकवान, रुहेलखंड और बुंदेलखंड के देसी व्यंजन और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खान-पान का स्वाद एक ही स्थान पर चखना चाहते हैं तो आपके पास एक अद्भुत अवसर है।

शुक्रवार 9 अक्टूबर को कौशांबी स्थित होटल रेडिसन ब्लू में ये सारे जायके एक साथ एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे।

प्रदेश की समृद्ध खान-पान की परंपरा, संस्कृति और खाद्य उद्यमिता को सामने लाने के लिए दैनिक जागरण की ओर से आगरा, कानपुर, अलीगढ़, बरेली, वाराणसी और प्रयागराज के बाद अब गाजियाबाद में ‘टेस्ट आफ उत्तर प्रदेश’ का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम में प्रदेश के छह प्रमुख सांस्कृतिक क्षेत्रों अवध, ब्रज, पूर्वांचल, रुहेलखंड, बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खास व्यंजनों और स्थानीय स्वाद की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन में पारंपरिक व्यंजनों के साथ ही स्थानीय खाद्य उत्पादों और नए खाद्य ब्रांडों को भी मंच मिलेगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बनेंगे तीन नए फूड स्ट्रीट हब, शहर को मिलेगी नई पहचान

यहां लाइव व्यंजन तैयार करने और स्वाद परीक्षण जैसी गतिविधियों के साथ ही फ्लेवर कान्क्लेव भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

इसमें स्थानीय उत्पाद को वैश्विक स्तर पर कैसे ले जाएं और उत्पाद की गुणवत्ता कैसे सुनिश्चित करें कि वो लोगों के लिए सुरक्षित हो, इन विषयों पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे। गाजियाबाद के बाद यह आयोजन मुरादाबाद में प्रस्तावित है, जिसके बाद लखनऊ में कार्यक्रम का भव्य समापन किया जाएगा।

ब्रज से अवध तक दिखेगी स्वाद की विविधता

आयोजन में ब्रज के गोपाल दास पेठा, बृजवासी स्वीट्स, हाथरस की रबड़ी और अलीगढ़ के इगलास का चमचम खास आकर्षण होंगे। रुहेलखंड की मुरादाबादी दाल, खोया पेड़ा, बरेली की बर्फी और रसभरी भी स्वाद प्रेमियों को लुभाएगी।

यह भी पढ़ें- जम्मू वालों का संडे प्लान सेट! CM उमर अब्दुल्ला करेंगे वेस्ट-टू-वंडरपार्क का उद्घाटन, बाहुफोर्ट फूड स्ट्रीट भी खुलेगी

पूर्वांचल से प्रयागराज के समोसे, इमरती, गाजर का हलवा और लौंगलता शामिल होंगे। बुंदेलखंड का सोन हलवा, उरई के रसगुल्ले, लाल पेड़ा और मावे की गुझिया के साथ अवध के ठग्गू के लड्डू, शाही टुकड़ा, मैंगो बर्फी और मलाई गिलौरी भी आयोजन में प्रदेश की विविध मिठास को सामने रखेंगे।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर से मेरठ की नानखटाई, कलाकंद, मुजफ्फरनगर का गुड़, घेवर और बालूशाही जायके के केंद्र में होंगे।

खाद्य उद्यमियों को भी मिलेगा मंच

‘टेस्ट आफ उत्तर प्रदेश’ केवल खान-पान का उत्सव नहीं, बल्कि स्थानीय खाद्य उत्पादों और उद्यमियों को पहचान दिलाने की पहल भी है। होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई एवं नमकीन निर्माता, खाद्य प्रसंस्करण कंपनियां, स्थानीय ब्रांड और उभरते उद्यमी अपने उत्पादों को उपभोक्ताओं के बीच प्रस्तुत कर सकेंगे।

यहां उत्पाद प्रदर्शन, नमूना वितरण और उपभोक्ताओं से सीधे संवाद के माध्यम से ब्रांड को व्यापक पहचान देने का अवसर भी मिलेगा। कार्यक्रम में प्रवेश निमंत्रण पत्र द्वारा ही मान्य होगा। निमंत्रण पत्र कैसे प्राप्त करें ये कल के अंक में पढ़ें।

यह भी पढ़ें- अयोध्या में बनेगी नई फूड स्ट्रीट, गुरु गोविंद सिंह चौक फव्वारे का होगा जीर्णोद्धार