विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद: इंदिरापुरम की सोसायटी में आवारा कुत्तों का आतंक, महिला को काटकर किया घायल; एक्शन में नगर निगम

Published: Thu, 08 Oct 2026 10:34 AM (IST)

इंदिरापुरम की शिप्रा रिवेरा सोसायटी में कुत्तों ने एक महिला को बुरी तरह काट लिया जिसके बाद नगर निगम ने ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर (AI-Generated Image)

सांकेतिक तस्वीर (AI-Generated Image)

HighLights

  1. शिप्रा रिवेरा सोसायटी में कुत्तों के आतंक से डरे लोग।

  2. एक महिला को कुत्तों ने बुरी तरह काटा

  3. नगर निगम ने शिकायत के बाद अटैक करने वाले दो कुत्तों को पकड़ा

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। इंदिरापुरम स्थित शिप्रा रिवेरा सोसायटी में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक ने निवासियों के बीच भारी दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। बुधवार सुबह हुई एक घटना के बाद से पूरी सोसायटी के लोग सहमे हुए हैं। यहां अपने घर के बाहर खड़ी एक महिला पर आवारा कुत्तों ने अचानक पीछे से हमला कर उन्हें बुरी तरह काट लिया।

बुधवार सुबह की घटना और अस्पताल का चक्कर

घटना बुधवार सुबह करीब 8 बजे की है। शिप्रा रिवेरा सोसायटी की निवासी प्रीति चौबे अपने घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान दो आवारा कुत्तों ने उन पर पीछे से अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने महिला को कई जगह काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

हमले के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए इंदिरापुरम स्थित अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने प्राथमिक स्थिति देखने के बाद इलाज करने से मना कर दिया। इसके बाद परिजन घायल महिला को इलाज के लिए नोएडा स्थित अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार कराया गया।

डिलीवरी बॉयज ने भी आने से किया इनकार

हमले के बाद से पूरी सोसायटी में डर का माहौल है। सुरक्षा को लेकर चिंतित निवासियों ने बताया कि स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि महिलाओं और बच्चों ने डर के मारे घर से बाहर निकलना बंद कर दिया है। केवल निवासी ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन सामान डिलीवर करने वाले डिलीवरी बॉयज भी सोसायटी के अंदर आने से मना करने लगे हैं।

70 से 80 लोग बन चुके हैं शिकार: एओए अध्यक्ष

सोसायटी के अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) के अध्यक्ष शिशिर कानूनगो ने बताया कि सोसायटी में आवारा कुत्तों का आतंक कोई नई बात नहीं है। इससे पूर्व में भी लगभग 70 से 80 निवासियों को कुत्ते काट चुके हैं और वे घायल हुए हैं।

शिकायत के बाद नगर निगम की कार्रवाई

एओए अध्यक्ष और निवासियों का आरोप है कि नगर निगम में कई बार शिकायत करने के बावजूद पहले कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है।

बुधवार को हुई घटना और शिकायत के बाद नगर निगम की टीम हरकत में आई और कुत्तों को पकड़ने सोसायटी पहुंची। टीम ने महिला को काटने वाले कुत्ते समेत कुल दो कुत्तों को पकड़ लिया और अपने साथ ले गई। निवासियों ने मांग की है कि सोसायटी को आवारा कुत्तों की समस्या से स्थायी रूप से निजात दिलाई जाए।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के इंदिरापुरम में बड़ा हादसा, इंस्टामार्ट के गोदाम में भीषण आग; दमकल की गाड़ियां मौके पर