ग्रेटर नोएडा PNB में 10 करोड़ के घोटाले में CBI का एक्शन, बैंककर्मी समेत 2 गिरफ्तार; पुणे से पकड़ा
पीएनबी की ग्रेटर नोएडा शाखा में 10.24 करोड़ रुपये के घोटाले में बैंककर्मी दीपांशी और निजी व्यक्ति आशुतोष पाठक को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है।

ग्रेटर नोएडा पीएनबी घोटाले में दो आरोपी गिरफ्तार। फोटो: आर्काइव
HighLights
पीएनबी ग्रेटर नोएडा में 10.24 करोड़ का घोटाला।
सीबीआई ने बैंककर्मी दीपांशी और आशुतोष को पकड़ा।
ग्राहकों के खातों से अनधिकृत लेनदेन का आरोप।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। ग्रेटर नोएडा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की सेक्टर पाई शाखा में 10.24 करोड़ रुपये के घोटाले में सीबीआई ने बैंककर्मी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दोनों पर बैंक के ग्राहकों के खातों से अनधिकृत तरीके से रकम निकालने और उसे दूसरे खातों में स्थानांतरित करने की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
बैंक की शिकायत पर 29 अक्टूबर को दर्ज हुआ मुकदमा
सीबीआई की एंटी करप्शन शाखा गाजियाबाद ने 29 अक्टूबर को बैंक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया था। जांच में सामने आया कि जुलाई 2023 से अक्टूबर 2026 के बीच ग्राहकों के खातों में अनधिकृत लेनदेन किए गए।
बैंक की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, ग्राहकों के खातों से निकाली गई रकम आशुतोष पाठक और उससे जुड़े अन्य लोगों के खातों में भेजी गई।
कुछ मामलों में एफडी खातों में संयुक्त खाताधारक जोड़कर और जमा समय से पहले तुड़वाकर भी रकम स्थानांतरित किए जाने का आरोप है।
बैंकिंग आईडी का दुरुपयोग कर रकम की ट्रांसफर
बैंक की शिकायत के अनुसार कार्यालय सहायक दीपांशी पर शाखा के अन्य अधिकारियों की बैंकिंग आईडी का दुरुपयोग कर रुपये अन्य खातों में ट्रांसफर करने का आरोप है।
कुछ ग्राहकों के मोबाइल पर आने वाले लेनदेन के मैसेज भी मोबाइल नंबर बदलकर बंद कर दिए गए थे, ताकि रकम निकलने की जानकारी तुरंत न हो सके।
आशुतोष की ट्रांजिट रिमांड ली गई
सीबीआई के अनुसार आशुतोष को पुणे की विशेष सीबीआई अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बीटेक पास चपरासी ने किया करोड़ाें का खेल, पासवर्ड चुराकर FD साफ की; ग्रेटर नोएडा PNB स्कैम में बड़ा खुलासा