मीटर टेंपरिंग और बिजली चोरी में अब नहीं होगी जेल, जुर्माने और समझौते से होगा निपटारा; UPPCL ने मांगी रिपोर्ट
बिजली से जुड़े छोटे और तकनीकी उल्लंघनों में अब जेल की सजा नहीं होगी, बल्कि जुर्माना और समझौते का प्रावधान लागू हो गया है।

यूपीपीसीएल ने बड़ा फैसला लेते हुए पुराने मामलों की डिटेल मांगी है। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। बिजली से जुड़े छोटे और तकनीकी उल्लंघनों के मामलों में अब जेल की सजा नहीं होगी। जन विश्वास (प्रावधानों का संशोधन) अधिनियम, 2026 के तहत विद्युत अधिनियम में संशोधन के बाद एक जून से ऐसे मामलों में कारावास के स्थान पर जुर्माना और समझौते (कंपाउंडिंग) का प्रावधान लागू हो गया है।
वहीं, बिजली चोरी, मीटर से छेड़छाड़ और जानबूझकर विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचाने के मामलों में निर्धारित शुल्क जमा कर समझौता किया जा सकेगा।
पुराने लंबित मामलों के निस्तारण के निर्देश
इस संबंध में यूपीपीसीएल की रेगुलेटरी अफेयर्स इकाई ने सभी बिजली वितरण कंपनियों के वाणिज्यिक निदेशकों से 30 नवंबर तक अद्यतन कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।
पुराने लंबित मामलों की समीक्षा कर छोटे और गैर-धोखाधड़ी वाले मामलों को नियमानुसार बंद करने या समझौते के जरिये निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, गंभीर और धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।
10 हजार से 10 लाख रुपये तक जुर्माना
नए प्रावधानों के तहत सामान्य उल्लंघन पर 10 हजार से 10 लाख रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकेगा।
वहीं, बिजली चोरी के मामलों में औद्योगिक श्रेणी के लिए 20 हजार, वाणिज्यिक के लिए 10 हजार, कृषि के लिए दो हजार और अन्य श्रेणियों के लिए चार हजार रुपये प्रति किलोवाट/एचपी (एलटी) या केवीए (एचटी) की दर से समझौता शुल्क निर्धारित किया गया है।