विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डिलीट कर देती थी कॉल लॉग व चैट, बेटे के फोन की CDR निकालेगी पुलिस; गाजियाबाद धीमा जहर केस में नया खुलासा

Published: Sat, 28 Nov 2026 01:00 AM (IST)

इंदिरापुरम में एक महिला पर पति, बेटे और भांजे को धीमा जहर देने का आरोप है, जिसका मकसद पति की संपत्ति और बीमा हड़पना था। पुलिस जांच में प्रेमी की संलिप्तता सामने आई और अब बेटे के फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकाली जाएगी।

महिला के मायके वालों से प्रेमी के थे अच्छे संबंध। फोटो: आर्काइव

महिला के मायके वालों से प्रेमी के थे अच्छे संबंध। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एक पत्नी द्वारा पति, बेटे व भांजे को खाने में धीमा जहर देने के मामले में जांच के दौरान कई अहम तथ्य प्रकाश में आए हैं।

पता चला है कि पत्नी के कथित प्रेमी बबलू से मायके वालों के अच्छे संबंध हैं। वह मायके वालों के साथ अक्सर महिला के घर आता-जाता था। वहीं महिला के मोबाइल फोन से पुलिस को अभी कुछ ठोस सुराग हाथ नहीं लगे हैं।

पूछताछ में महिला की बेटी ने बताया है कि मम्मी अक्सर भाई का फोन इस्तेमाल करती थीं और बात करने के बाद कॉल व मैसेज डिटेल डिलीट कर देती थीं।

इसके चलते पुलिस अब बेटे के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकालेगी और उसकी जांच करेगी। वहीं जल्द ही पुलिस महिला से डासना जेल में जाकर पूछताछ करेगी।

कथित प्रेमी के मायके वालों से अच्छे संबंध

बता दें कि वसुंधरा 2सी निवासी सुशील कुमार भटनागर का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी अक्सर पति से किसी न किसी बात पर लड़ती-झगड़ती रहती थी।

इसी बीच पति की दो माह पूर्व तबीयत खराब हो गई और उन्हें अस्पताल में आईसीयू में भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने जब उनकी जांच की तो शरीर में जहरीले तत्वों का पता चला।

चिकित्सकों को शक हुआ तो दोबारा जांच कराई गई, लेकिन फिर से रिपोर्ट में जहरीला तत्व अधिक मात्रा में पाया गया। पता चला कि उनके खून में लेड की मात्रा अधिक है।

चिकित्सकों ने पूछताछ की तो पता चला कि उनका पत्नी से विवाद चल रहा है और ससुराल पक्ष में ज्वैलरी का काम होता है। इस पर चिकित्सकों को शक हुआ, क्योंकि लेड ज्वैलरी में इस्तेमाल होता है।

उन्होंने इस बारे में पीड़ित को बताया कि यह तो साफ तौर पर पुलिस केस है। पीड़ित ने तत्काल पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मंगलवार को मामले में केस दर्ज कर आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

दो करोड़ का जीवन बीमा कराया था पति ने

जांच में पता चला था कि पति ने कुछ समय पूर्व अपना दो करोड़ रुपये का जीवन बीमा कराया था, इसके साथ ही उनकी ट्रैवल एजेंसी भी पांच से छह करोड़ की है। दोनों में उन्होंने पत्नी को ही नॉमिनी बनाया हुआ है।

इसे हड़पने और अपने प्रेमी के साथ रहने के लिए आरोपित ने अपने स्वजन के साथ मिलकर यह साजिश रची थी। डीसीपी ट्रांस हिंडन रिजुल का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता मिलने पर उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें- 6 करोड़ के लालच में पति-बेटे को साल भर देती रही 'स्लो पॉइजन', गाजियाबाद में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।