विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गाजियाबाद में बारिश ने फिर बढ़ाई आफत, दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पानी भरने से यातायात बाधित

Published: Thu, 04 Sep 2025 09:59 AM (IST)

गाजियाबाद के साहिबाबाद में लगातार बारिश से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में जलभराव के ...और पढ़ें

वर्षा ने फिर बढ़ाई आफत, जलभराव ने रोके रास्ते
वर्षा ने फिर बढ़ाई आफत, जलभराव ने रोके रास्ते

HighLights

  1. गाजियाबाद में लगातार बारिश से बुरा हाल
  2. ट्रांस हिंडन क्षेत्र में जलभराव की समस्या
  3. दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर यातायात बाधित

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद (गाजियाबाद)। गाजियाबाद जनपद के साहिबाबाद में लगातार हो रही बारिश से लोगों का बुरा हाल है। खासकर जलभराव से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। बुधवार दोपहर शुरू हुई बारिश के बाद ट्रांस हिंडन क्षेत्र के कई इलाकों में जलभराव हो गया। ऐसे में लोगों को राह गुजरना भी मुश्किल हो गया। शाम को पीक आवर में प्रमुख मार्गाें पर जाम की स्थिति भी रही।

दोपहर को शुरू हुई तेज वर्षा से बचने के लिए लोग घंटों तक एलिवेटेड फ्लाईओवर के नीचे खड़े रहे। कुछ ऐसा ही हाल लोनी का रहा, जहां गलियों में वर्षा का पानी भर जाने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

वहीं, लोनी में वर्षा से शहर दिल्ली सहारनपुर मार्ग व लोनी गाजियाबाद मार्ग पर भीषण जलभराव हो गया। ऐसे में यहां से निकलने में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जलभराव से बाइक सवार व अन्य वाहन सवार जूझते रहे। वर्षा से दिल्ली-सहारनपुर हाईवे करीब एक किलो मीटर तक तालाब में तब्दील हो गया है। सड़क पर कई-कई फीट पानी भर जाने के कारण यात्रियों को सड़कों में बने गढ्ढे दिखाई नहीं दिए।

यह भी पढ़ें- Yamuna Flood Alert: न टेंट लगे और न ही शौचालय की सुविधा, पानी के लिए भी तरस रहे हैं लोग

लक्ष्मी गार्डन निवासी रजत ने बताया कि जलभराव के चलते जीना दुश्वार हो गया है। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में इंदिरापुरम, वैशाली, एलिवेटेड रोड के नीचे, वसुंधरा, अर्थला, मोहननगर पर जलभराव की समस्या दिखी। कुछ कालोनियों और सोसायटियों में पानी भर गया। जीटी रोड पर गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी हुई।

सोसायटी के बेसमेंट में जा रहा नाले का पानी

भोपुरा रोड पर इंद्रप्रस्थ कालोनी के पास नाले का पानी ओवरफ्लो होकर कुछ सोसायटियों के बेसमेंट में पहुंच रहा है। लोगों को वाहन पार्क करने में भी परेशानी हुई। स्थानीय निवासी सुमित ने बताया कि डी ब्लाक के बेसमेंट में पानी पहुंचने से दिक्कत हो रही है। रात भर वर्षा हुई तो बेसमेंट में काफी पानी भर सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नाले की सफाई न कराए जाने से समस्या होती है।

वाहनों की थमी रही रफ्तार

साहिबाबाद और अर्थला अंडरपास में बारिश का पानी भरने से वाहनों की रफ्तार थमी रही। दिल्ली बार्डर समेत प्रमुख स्थानों पर रात के समय जाम देखा गया। हिंडन बैराज पर भी पिछले काफी दिनों से जलभराव है और सड़क में गड्ढे होने के चलते दोपहिया वाहन सवारों को गिरने का डर रहता है। इंदिरापुरम में शिप्रा अंडरपास के नजदीक जाम लगा रहा। मोहनगर चौराहे पर भी वाहन रेंग-रेंगकर गुजरते दिखे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।