Kalyan Singh Health Update: पूर्व सीएम कल्याण सिंह ने अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही लहराई तलवार, बोले- पूरी तरह स्वस्थ हूं
Kalyan Singh Health Update अस्पताल से छुट्टी के दौरान कल्याण सिंह ने अस्पताल के एमडी डा. पीएन अरोड़ा और डाक्टरों की टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि डाक्टरों की सलाह से ही वह पूरी तरह स्वस्थ हुए हैं।
साहिबाबाद (गाजियाबाद) [सौरभ पांडेय]। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह कोरोना से पूरी तरह ठीक हो गए हैं। सोमवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। 16 सितंबर से वह गाजियाबाद के कौशांबी स्थित यशोदा सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती थे। अस्पताल से डिस्चार्ज होते समय उन्होंने कहा कि वह अस्पताल से दो जीत साथ ले जा रहे हैं। डॉक्टरों की मदद से उन्होंने कोरोना को हरा दिया है। साथ ही अयोध्या मामले में बरी होना उनकी दूसरी जीत है।
कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बीती 16 सितंबर को उन्हें कौशांबी के यशोदा सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले वह लखनऊ के राजीव गांधी पीजीआई अस्पताल में भर्ती थे। यशोदा अस्पताल के आठ डाक्टरों की टीम ने उनका सफल इलाज किया। जिसके बाद सोमवार को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।
कल्याण सिंह ने अस्पताल के एमडी दो किया धन्यवाद
अस्पताल से छुट्टी के दौरान कल्याण सिंह ने अस्पताल के एमडी डॉ. पीएन अरोड़ा और डाक्टरों की टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि डाक्टरों की सलाह से ही वह पूरी तरह स्वस्थ हुए हैं। साथ ही अयोध्या मामले में कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया है। इससे उन्हें नई ऊर्जा मिली है। अब वे जल्द ही दोबारा देश हित के कार्यों में जुट जाएंगे।
अस्पताल के एमडी डॉ. पीएन अरोड़ा ने बताया कि कल्याण सिंह मधुमेह, उच्च रक्तचाप आदि रोग से ग्रस्त हैं। उनकी बाईपास सर्जरी भी हो चुकी थी। ऐसे में उनका इलाज बेहद जटिल था। लेकिन डॉक्टरों की टीम की देखरेख में वह पूरी तरह ठीक हो गए। कल्याण सिंह के पुत्र और एटा से सांसद राजवीर सिंह भी डिस्चार्ज के दौरान अस्पताल में मौजूद रहे।
बता दें कि कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा वह राजस्थान के राज्यपाल भी रह चुके हैं। कल्याण भाजपा के दिग्गज नेता माने जाते हैं। वह एटा से लोकसभा के सांसद भी रह चुके हैं। कल्याण सिंह अलीगढ़ के मूल निवासी हैं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो