गाजियाबाद में राशन वितरण में हेरफेर, 123 क्विंटल अनाज की कमी, स्वयं सहायता समूह के खिलाफ केस दर्ज
मसूरी के निडौरी गांव में राशन वितरण में अनियमितता और कालाबाजारी का मामला सामने आया है। पूर्ति निरीक्षक की शिकायत पर स्वयं सहायता समूह की संचालिका निदा परवीन और गुलशन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

गाजियाबाद में राशन वितरण में हेरफेर ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
मसूरी के निडौरी गांव में राशन वितरण में अनियमितता।
स्वयं सहायता समूह की संचालिका पर कालाबाजारी का आरोप।
पूर्ति निरीक्षक की शिकायत पर दो महिलाओं पर केस।
त्रिपाठी आदित्य, मसूरी। मसूरी थाना क्षेत्र के ग्राम निडौरी में राशन वितरण में अनियमितता और कालाबाजारी का मामला सामने आया है।
विकासखंड रजापुर के पूर्ति निरीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने स्वयं सहायता समूह की संचालिका निदा परवीन और गुलशन के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्रामीणों ने की थी शिकायत
पूर्ति निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ग्रामीणों ने नवंबर माह का राशन वितरित नहीं किए जाने की शिकायत की थी।
इस पर 26 नवंबर को विभागीय टीम ने गांव में राम रहीम स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित उचित दर की दुकान का निरीक्षण किया। मौके पर दुकान पर गुलशन नाम की महिला मौजूद मिली।
गुलशन ने स्वयं को स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष बताया। जांच के दौरान दुकान पर करीब 50 क्विंटल खाद्यान्न के रूप में गेहूं और चावल बिखरा हुआ मिला। ई-पास मशीन और स्टॉक रजिस्टर की जांच में भी अनियमितताएं सामने आईं।
खाद्यान में पाई गई कमी..
ग्रामीणों के बयान में कई कार्डधारकों ने अंगूठा लगवाने के बावजूद राशन नहीं मिलने की बात कही। जबकि कुछ कार्डधारकों ने कई महीनों से राशन नहीं मिलने की शिकायत की थी।
भौतिक सत्यापन में ऑनलाइन रिकार्ड की तुलना में खाद्यान्न की मात्रा में करीब 123 क्विंटल की कमी पाई गई है।
पूर्ति निरीक्षक ने आरोप लगाया कि राशन की कालाबाजारी कर सरकारी खाद्यान्न का अनुचित तरीके से लाभ कमाने के उद्देश्य से वितरण में गड़बड़ी की गई है। पीड़ित की शिकायत पर मसूरी थाने में केस दर्ज कर लिया गया हैं।