मोदीनगर में प्लाॅट में सरिया रखने को लेकर विवाद, चचेरे भाई को घर में घुसकर मारी गोली
मोदीनगर के डबाना गांव में प्लॉट में सरिया रखने के विवाद में एक चचेरे भाई ने दूसरे को गोली मार ...और पढ़ें

निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव डबाना में प्लाॅट में सरिया डालने के विवाद में चचेरे भाई को गोली मार दी गई।
HighLights
प्लॉट में सरिया रखने को लेकर हुआ विवाद
चचेरे भाई ने दूसरे भाई को गोली मारी
घायल राजू राठी अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में
विकास वर्मा, मोदीनगर। निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव डबाना में मंगलवार दोपहर प्लाॅट में सरिया रखने के विवाद में आरोपित ने साथी संग मिलकर चचेरे भाई को गोली मार दी गई। गोली पेट में लगकर पार हो गई। दहशत फैलाने के लिए आरोपितों ने दो राउंड हवाई फायर भी किये। इस दौरान खींचतान में एक तमंचा मौके पर गिर गया। पिस्टल लहराते हुए आरोपित फरार हो गए। घायल की अस्पताल में हालत गंभीर बनी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
खून से लथपथ में जमीन पर गिर पड़े
गांव डबाना के राजू राठी किसान हैं। भाई आकाश राठी व मां विजयवती के साथ रहते हैं। मंगलवार दोपहर राजू खेत से आकर घर पर कपड़े धो रहे थे। आकाश मां को चिकित्सक के यहां लेकर आया था। इस बीच ताऊ का बेटा अपने साथी को लेकर घर आया और राजू पर फायरिंग कर दी। गोली राजू के पेट में लगी। वे खून से लथपथ में जमीन पर गिर पड़े।
गोली पेड़ में जा लगी
आरोपित तमंचा व पिस्टल लेकर आए थे। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपितों ने दो राउंड हवाई फायर कर दिये। एक गोली पेड़ में लगी। लोगों ने आरोपितों को पकड़ने की कोशिश की, इसी में एक तमंचा वहीं पर गिर गया। आरोपित घर के पीछे खेत से होते हुए फरार हो गए। आनन-फानन में राजू को अस्पताल में भर्ती कराया।
कई दिन से चल रहा था विवाद
सूचना पर एसीपी मोदीनगर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। लोगों ने पुलिस को तमंचा सौंप दिया। स्वजन के मुताबिक, राजू इन दिनों मकान का निर्माण करा रहे हैं। इसी मकान के बराबर में ताऊ के बेटे का प्लाॅट है, जिसमें राजू ने सरिये रखे हुए हैं। इन सरियों को हटाने के लिए दोनों पक्षों के बीच कई दिन से विवाद चल रहा है। इसी विवाद में अब आरोपित ने वारदात को अंजाम दे दिया।
तलाश में पुलिस दबिश दे रही
मौके पर फारेसिंक टीम भी पहुंची और जरूरी साक्ष्य कब्जे में लिए। मामले में आकाश की तरफ से थाने में तहरीर दी गई है। आरोपितों पर कार्रवाई की मांग को लेकर स्वजन व आसपास के लोगों ने अस्पताल में हंगामा भी किया। किसी तरह पुलिस ने उन्हें शांत किया। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि राजू की हालत खतरे से बाहर है। आरोपित राेहित व अमन पर केस दर्ज किया गया है। तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
