गाजियाबाद में इंस्टाग्राम ने बचा ली 19 साल के युवक की जान, महज 8 मिनट में पहुंची पुलिस; सुसाइड से रोका
प्रेमिका से ब्रेकअप के बाद गाजियाबाद के एक 19 वर्षीय युवक ने आत्महत्या का प्रयास करते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया। मेटा के अलर्ट पर पुलिस ने आठ मिनट में पहुंचकर युवक की जान बचाई।

इंस्टाग्राम अलर्ट से बची युवक की जान। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। प्रेमिका से ब्रेकअप होने के बाद मानसिक तनाव में आए 19 वर्षीय युवक ने अपने हाथ पर ब्लेड से कट लगाकर आत्महत्या का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया।
मेटा के अलर्ट ने समय रहते पुलिस को इसकी जानकारी दे दी। पुलिस मुख्यालय लखनऊ से मिले निर्देश पर नंदग्राम थाना पुलिस महज आठ मिनट में युवक के घर पहुंच गई।
कमरे में युवक बेसुध अवस्था में पलंग पर पड़ा था और उसके हाथ से खून बह रहा था। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया।
मेटा के अलर्ट पर आठ मिनट में पहुंची पुलिस
घटना 24 नवंबर की रात की है। नंदग्राम थाना क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय युवक ने प्रेमिका से बातचीत बंद होने के बाद मानसिक तनाव में आत्महत्या का प्रयास किया।
उसने अपने हाथ पर ब्लेड से कट लगाकर खून बहने का वीडियो बनाया और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। रात 8:12 बजे मेटा कंपनी की ओर से पुलिस महानिदेशक मुख्यालय स्थित इंटरनेट मीडिया सेंटर को ई-मेल के माध्यम से इसकी सूचना मिली।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने अलर्ट का तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यालय की इंटरनेट मीडिया सेंटर टीम ने मेटा की ओर से उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर के आधार पर युवक की लोकेशन ट्रेस की और गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद नंदग्राम थाने में तैनात उपनिरीक्षक कमलदेव राणा, आरक्षी सतेंद्र कुमार और आरक्षी नरेंद्र को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम सूचना मिलने के महज आठ मिनट के भीतर युवक के घर पहुंच गई।
परिजनों को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो के बारे में बताकर पुलिसकर्मी उसके कमरे में पहुंचे तो युवक बेसुध मिला। उसके हाथ पर ब्लेड के कट लगे थे और खून बह रहा था। पुलिसकर्मी उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए।
युवक ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी करता है और एक युवती से प्रेम करता था। वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन कुछ समय पहले युवती ने अचानक उससे बातचीत बंद कर दी।
इससे वह मानसिक तनाव में रहने लगा और इसी वजह से उसने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने युवक की काउंसलिंग की। उसने भविष्य में दोबारा ऐसा कदम नहीं उठाने का आश्वासन दिया।
तीन साल में 4237 लोगों की बचाई जान
उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा कंपनी के बीच वर्ष 2022 से व्यवस्था लागू है। इसके तहत फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से संबंधित पोस्ट होने पर मेटा ई-मेल और फोन के माध्यम से पुलिस मुख्यालय को अलर्ट भेजती है।
पुलिस मुख्यालय से संबंधित जिले को सूचना देकर तत्काल कार्रवाई कराई जाती है। एक जनवरी 2023 से 31 अक्टूबर 2026 तक ऐसे अलर्ट पर कार्रवाई कर उत्तर प्रदेश पुलिस 4237 लोगों की जान बचा चुकी है।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में 12 और 45 मीटर चौड़ी बनेंगी सड़कें, हरनंदीपुरम योजना के फर्स्ट फेज में खर्च होंगे 60 करोड़
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।