दिल्ली के पास 15 लाख में प्लॉट, ऊपर मकान नीचे दुकान; मंडोला विहार में जल्द आएगी योजना
आवास विकास परिषद लोनी स्थित मंडोला विहार योजना में पहली बार प्रीमियम भूखंड लाएगा, जहां नीचे दुकान और ऊपर आवास बन सकेंगे। यह योजना दीपावली पर लॉन्च होगी।

दिल्ली के पास लोनी स्थित मंडोला विहार योजना में आवास विकास परिषद पहली बार प्रीमियम भूखंड की योजना लाएगा। एआई इमेज
HighLights
मंडोला विहार में पहली बार प्रीमियम भूखंड, दुकान-आवास एक साथ।
दीपावली पर लॉन्च होगी योजना, 15 लाख में 40 वर्ग मीटर प्लॉट।
बेहतर कनेक्टिविटी, एमएसएमई और प्रदूषण मुक्त लघु उद्योगों के लिए भूखंड।
जितेंद्र सिंह, साहिबाबाद। एनसीआर में एक ही भूखंड पर मकान और दुकान दोनों बनाने का मौका मिलेगा। दिल्ली के पास लोनी स्थित मंडोला विहार योजना में आवास विकास परिषद पहली बार प्रीमियम भूखंड की योजना लाएगा। योजना के तहत प्रीमियम भूखंड पर ड्राॅ में सफल आवेदक नीचे दुकान और ऊपर आवास बना सकेंगे। इसके अलावा योजना में सस्ते भूखंड और आवास का भी सपना लोगों का पूरा होगा।
40 वर्ग मीटर के भूखंड और सेमी फिनिश्ड आवास
आवास विकास परिषद दीपावली पर लोगों को तोहफा देने के लिए योजना को लांच करने की तैयारी कर रहा है। यह योजना दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे के पास होने के चलते बेहतर कनेक्टिविटी पर है। साथ ही कम कीमत होने के कारण यह आम आदमी की पहुंच में है। मध्यम वर्ग को देखते हुए योजना में 40 वर्ग मीटर के भूखंड और सेमी फिनिश्ड आवास भी रखे गए हैं।
एमएसएमई के तहत प्रदूषण मुक्त लघु उद्योगों के लिए भी भूखंड हैं। दीपावली के पास इसका पंजीकरण खोला जाएगा। आवास विकास परिषद की मंडोला विहार योजना करीब 2700 एकड़ में बसी है। यहां आवास विकास परिषद लगातार सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दे रहा है।
लोनी के प्रदूषण के चलते लगाए जाएंगे 40 हजार पौधे
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे के पास होने के कारण योजना में सफल आवेदकों को बेहतर कनेक्टिविटी पर मकान और दुकान बनाने का मौका मिलेगा। साथ ही जमीन समेत मकान की योजना को भी लोगों ने रुचि दिखाई थी। वहीं, एमएसएमई भूखंड भी विकसित किए जा रहे हैं ताकि रोजगार के अवसर पैदा हों। लोनी आए दिन सबसे प्रदूषित इलाकों में रहता है। वर्ष 2025 की विश्व वायु गुणवत्ता रिपोर्ट में दुनिया का सबसे प्रदूषित इलाका था। प्रदूषण से रोकथाम के लिए परिषद की 40 हजार पौधे लगाए जाने की योजना है।
15 लाख के मिलेंगे भूखंड
योजना के तहत 40 मीटर और 200 मीटर के आवासीय भूखंड होंगे। इनकी कीमत करीब 38 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर रखी गई है। इसके हिसाब से 40 वर्ग मीटर के भूखंड 15 लाख में और 200 वर्ग मीटर वाले भूखंड करीब 76 लाख में मिलेंगे। वहीं योजना के तहत सेमी फिनिश्ड आवास लेने का मौका भी लोगों को मिलेगा। सेमी फिनिश्ड भूखंड 60, 75, 112 और 162 वर्ग मीटर कारपेट एरिया के होंगे।
कारोबारियों के लिए भूखंड खरीदने का मौका
योजना के तहत एमएसएमई कारोबारियों के लिए भूखंड खरीदने का मौका मिलेगा। योजना में 300 और 450 वर्ग मीटर के भूखंड होंगे। मंडोला विहार की दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से सीधी कनेक्टिविटी है। लोनी में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए परिषद द्वारा यहां प्रदूषण रहित लघु उद्योगों को के लिए सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। ईस्टर्न पेरिफेरल और दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेसवे के करीब होने के कारण यहां प्रदूषण रहित उद्योगों और रोजगार को बढ़ावा देने की योजना है।
"मंडोला विहार योजना में पहली बार प्रीमियम भूखंड योजना लाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही सस्ते भूखंड और आवास की भी योजना है। दीपावली के पास लोगों को सौगात देने के लिए योजना को लांच करने की तैयारी की जा रही है।"
-पीएस रावत, संपत्ति प्रबंधक।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन में बिजली कटौती से हाहाकार, गर्मी में बेहाल लोग
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के इंदिरापुरम में बड़ा हादसा, इंस्टामार्ट के गोदाम में भीषण आग; दमकल की गाड़ियां मौके पर
--------
