लोनी में सीवर की खुदाई से उड़ रही धूल बनी आंखों की दुश्मन, बढ़े नेत्र रोगी
लोनी में सीवर लाइन की खुदाई के बाद सड़कों पर उड़ रही धूल लोगों के लिए आंखों की गंभीर समस्या बन गई है। धूल के कारण अस्पतालों में नेत्र रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ी है, जिससे स्थानीय निवासी और राहगीर परेशान हैं।
-1795476689822_m.webp)
सीवर खुदाई की धूल बनी आंखों की दुश्मन लोनी में बढ़े नेत्र रोगी ( फोटो स्रोत :जागरण )
HighLights
सीवर खुदाई से उड़ रही धूल बनी आंखों की समस्या।
लोनी के अस्पतालों में नेत्र रोगियों की संख्या में वृद्धि।
धूल से बचाव हेतु पानी छिड़काव की मांग, प्रशासन का आश्वासन।
हरिशंकर शर्मा, लोनी। दिल्ली-सहारनपुर मार्ग और गाजियाबाद मार्ग पर बंथला से टीला मोड़ तक सीवर लाइन डालने के लिए की गई खोदाई अब लोगों की आंखों के लिए मुसीबत बन गई है।
पाइप डालने के बाद कार्यदायी संस्था मिट्टी डालकर सड़कों को बदहाल छोड़ रही है। पानी का छिड़काव नहीं होने से वाहनों के गुजरते ही धूल के गुबार उठते हैं।
विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोग
इससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को आंखों में जलन, खुजली और लालिमा की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
धूल के कारण आंखों में एलर्जी की शिकायतें भी बढ़ रही हैं। धूल का असर अब अस्पतालों की ओपीडी में भी दिखाई देने लगा है। 50 शैय्या संयुक्त अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ नदीम ने बताया कि पहले नेत्र ओपीडी में प्रतिदिन करीब 40 मरीज आते थे।
अब यह संख्या बढ़कर 100 से अधिक हो गई है। इनमें करीब 20 मरीज धूल के कारण आंखों में परेशानी की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। धूल के बारीक कण आंखों में पहुंचने से जलन, खुजली और एलर्जी की समस्या हो रही है।
मार्ग पर उठ रहा धूल का गुबार
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मार्ग पर वाहनों के गुजरते ही धूल का गुबार उठने लगता है। आसपास के घरों में धूल की परत जम रही है। घरों के बाहर बैठना और खिड़की-दरवाजे खोलना तक मुश्किल हो गया है। बच्चों की आंखों में भी लालिमा और खुजली की शिकायत सामने आ रही है। टीला मोड़ से बंथला मार्ग पर धूल का सबसे अधिक प्रकोप है।
बाइक सवारों को मुंह और आंखें ढककर निकलना पड़ता है। पैदल राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का आरोप है कि सीवर लाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत और सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नियमित पानी का छिड़काव भी नहीं कराया जा रहा है।
पानी के छिड़काव की उठी मांग
स्थानीय निवासियों ने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों से सड़क की मरम्मत कराने, धूल रोकने के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की है।
लोनी एसडीएम दीपक सिंघनवाल ने कहा कि सीवर लाइन डालने का कार्य पूरा होने के बाद सड़कों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए जाएंगे। धूल से लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित कार्यदायी संस्था से नियमित पानी का छिड़काव कराने और मिट्टी को व्यवस्थित कराने के लिए कहा जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।