खोड़ा में अब नहीं होगी किसी का एड्रेस तलाशने में परेशानी, 8 साल बाद आधार कार्ड में सही पता दर्ज कराने का मौका
खोड़ा नगर पालिका परिषद आठ साल बाद संपत्ति कर रिकॉर्ड में नए मकान नंबर दर्ज करेगी। इससे निवासियों को अपने ...और पढ़ें

खोड़ा में नगर पालिका नए मकान नंबरों को संपत्ति कर रिकाॅर्ड में दर्ज करेगी। जागरण
HighLights
खोड़ा में संपत्ति कर रिकॉर्ड में नए मकान नंबर दर्ज होंगे।
निवासी आधार कार्ड में अब सही पता अपडेट कर सकेंगे।
एक महीने में टेंडर, दो महीने में काम पूरा होगा।
जितेंद्र सिंह, साहिबाबाद। खोड़ा में नगर पालिका परिषद की स्थापना के आठ साल बाद आधार में सही पता दर्ज होगा। इसके लिए नगर पालिका नए मकान नंबरों को संपत्ति कर रिकाॅर्ड में दर्ज करेगी। करीब एक महीने में इसका टेंडर किया जाएगा।
काम को पूरा होने में करीब दो महीने का समय लग जाएगा। अभी लोगों ने आधार में राशन कार्ड संख्या, खसरा नंबर और गलियों के नाम दर्ज करा रखे हैं। खोड़ा में संपत्ति कर जमा करने वालों की संख्या कम है। जो लोग संपत्ति कर जमा करते हैं उनके पुराने मकान नंबर संपत्ति कर रिकाॅर्ड में दर्ज हैं।
नए नंबरों को प्रॉपर्टी टैक्स रिकाॅर्ड में दर्ज करेगी
हालांकि, सभासदों का कहना है कि पुराने नंबर भी मकान नंबर नहीं सर्वे नंबर हैं। वर्ष 2018 में वार्डों के हिसाब से मकानों की नंबरिंग के काम पर रोक लगा दी गई थी। इस कारण नंबरिंग का काम पूरा नहीं हो सका था। कुछ लोगों को नंबर मिले कुछ को नहीं मिल सके। पिछले साल दोबारा सेक्टरों के हिसाब से मकानों के नंबर देने की प्रक्रिया शुरु की गई। नगर पालिका की ओर से मकानों की नंबरिंग कर दी गई है। अब नगर पालिका नए नंबरों को संपत्ति कर रिकाॅर्ड में दर्ज करेगी।
आसानी से आधार पर सही पता दर्ज करा सकेंगे
नगर पालिका के संपत्ति कर रिकाॅर्ड में मकान नंबर न दर्ज होने से लोगों ने आधार में मकान नंबर दर्ज नहीं करा पाए हैं। अब नगर पालिका के मकान नंबरों को संपत्ति कर रिकाॅर्ड में दर्ज होने के बाद लोग आसानी से आधार पर सही पता दर्ज करा सकेंगे और विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। सभासदों की मांग पर अधिशासी अधिकारी ने इसकी स्वीकृति दी है।
मकानों पर नंबर स्टीकर लगाने की प्रक्रिया चल रही
बता दें कि खोड़ा में अभी नगर पालिका की ओर से मकानों पर नंबर स्टीकर लगाने की प्रक्रिया चल रही है। जिनको मकानों के नंबर स्टीकर जारी हुए हैं उन्होंने मकानों पर स्टीकर नंबर नहीं लगाए हैं। इससे बाहर से आने वाले लोगों को मकान ढूढंने में बहुत परेशानी होती है। डिलीवरी करने आने वाले कर्मियों को मकान पर डिलीवरी करने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
अधिशासी अधिकारी से मिला 14 पार्षदों का दल
एक सभासद ने बताया कि भाजपा के 14 सभासद बीते सप्ताह अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ल से मिले थे। सभासदों ने अधिशासी अधिकारी से मकान नंबरों को नगर पालिका के रिकाॅर्ड में दर्ज करने, भूस्वामियों के हाउस टैक्स में नए मकान नंबर को दर्ज करने और सभी भूस्वामी को इसकी एक नगर पालिका का मुहर लगा हुआ प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की मांग की थी। इस पर अधिशासी अधिकारी ने एक महीने में टेंडर कराने और करीब दो महीने में काम पूरा कराने के मांग पत्र पर हस्ताक्षर कर आश्वासन दिया।
अभी आधार पर दर्ज है अधूरा पता
दरअसल मकान नंबर को लेकर कोई वैध प्रमाण पत्र न होने के कारण आधार कार्ड पर लोगों ने अपनी सुविधानुसार राशन कार्ड संख्या नंबर, खसरा नंबर और गली का नाम दर्ज करा रखा है। नगर पालिका की ओर से लोगों को पूर्व में मकान नंबर दिए गए। उसके बाद फिर से दोबारा नए नंबर दिए गए हैं। हालांकि अभी तक संपत्ति कर रिकाॅर्ड में नंबरों को दर्ज न किए जाने के कारण लोग आधार में सही पता नहीं दर्ज करा सके हैं।
मकानों की नंबरिंग पूरी हो चुकी है। अभी मकानों पर नंबर स्टीकर लगाने की प्रक्रिया चल रही है। नए मकान नंबर को संपत्ति कर रिकाॅर्ड में दर्ज करने के लिए एक महीने में टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उसके बाद करीब दाे महीने में इसका काम पूरा कर लिया जाएगा।
- अवनीश कुमार शुक्ल, अधिशासी अधिकारी
यह भी पढ़ें- नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 1.76 लाख करोड़ के निवेश का क्या हुआ? 25 अक्टूबर से पहले शासन को देनी होगी रिपोर्ट
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR से उत्तराखंड का सफर और भी आसान, नोएडा एयरपोर्ट से कुमाऊं की उड़ान शुरू; खाने-टैक्सी पर खास छूट
