विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में टाइम टेबल से रोडवेज बसें संचालित नहीं होने पर छह डिपो प्रभारियों को नोटिस जारी

Published: Sun, 12 Apr 2026 06:39 PM (IST)

कौशांबी डिपो से रोडवेज बसों के समय पर संचालन न होने पर क्षेत्रीय प्रबंधक ने छह प्रभारियों को नोटिस जारी ...और पढ़ें

टाइम टेबल से बसें संचालित नहीं होने पर छह डिपो प्रभारियों को भेजा गया नोटिस।

टाइम टेबल से बसें संचालित नहीं होने पर छह डिपो प्रभारियों को भेजा गया नोटिस।

HighLights

  1. कौशांबी डिपो के छह प्रभारियों को नोटिस जारी।

  2. रोडवेज बसों का संचालन समय सारिणी से नहीं हो रहा था।

  3. यात्रियों की परेशानी पर क्षेत्रीय प्रबंधक ने लिया संज्ञान।

राहुल कुमार, साहिबाबाद। कौशांबी डिपो से रोडवेज बसों का संचालन समय सारिणी से नहीं कराने पर क्षेत्रीय प्रबंधक केसरी नंदन चौधरी ने छह प्रभारियों को नोटिस जारी किए हैं। उनसे स्पष्टीकरण मांगते हुए समय से बसों का संचालन कराने का आदेश दिया है, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न झेलनी पड़े।

दरअसल दैनिक जागरण ने कौशांबी डिपो की पड़ताल करते हुए यात्रियों की परेशानी पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इस पर मुख्यालय ने संज्ञान लेते हुए स्थानीय अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व रोडवेज बसों का संचालन ट्रेनों की तर्ज पर करने की योजना बनाई थी। इसके लिए प्रत्येक रूट पर संचालित बसों की संख्या, डिपो से बस के निकलने का समय और प्रत्येक स्टैंड पर बस के पहुंचने का समय निर्धारित किया था।

इसका उद्देश्य था कि यात्रियों को बस अड्डा व स्टैंड पर बस का इंतजार न करना पड़े। वह ट्रेनों की तरह ही निर्धारित समय पर अड्डे व स्टैंड पर पहुंचकर अपने गंतव्य के लिए बस ले सकें। मुख्यालय स्तर से इसकी पूरी समय सारिणी भी जारी गई थी। लगातार लापरवाही के चलते बसों का संचालन समय से नहीं हो पा रहा था। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक ने नोटिस जारी करते हुए समय सारिणी के हिसाब से बसों का संचालन कराने का आदेश दिया है।

क्षेत्रीय प्रबंधक ने प्रभारियों को फटकार भी लगाई

नोटिस जारी करने के साथ ही क्षेत्रीय प्रबंधक ने सभी प्रभारियों को कार्यालय में बुलाकर फटकार भी लगाई। क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि बसों का संचालन समय से करने को लेकर पहले भी कई बार चेतावनी दी गई है। इसके बाद भी लगातार लापरवाही सामने आ रही है। इससे परिवहन निगम की छवि आम जनता के बीच खराब हो रही है।

नोटिस देते हुए डिपो प्रभारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही बसों का संचालन समय पर नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसकी निगरानी लगातार की जाएगी। - केसरी नंदन चौधरी, क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम गाजियाबाद

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर एक्शन की तैयारी, 100 से ज्यादा चालान वालों का लाइसेंस होगा कैंसिल