इंदिरापुरम में यात्री स्टैंड बदहाल, सुंदर गाजियाबाद को आईना दिखा रहा अतिक्रमण; महापौर ने दिया था अजीब बयान
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में यात्री स्टैंड अतिक्रमण का शिकार हो गए हैं। महापौर ने जाम का कारण कारों की वृद्धि ...और पढ़ें
-1774028074854_m.webp)
इंदिरापुरम में बस स्टेंड पर हुआ अतिक्रमण। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद (गाजियाबाद)। गाजियाबाद में महापौर द्वारा बृहस्पतिवार को एक कार्यक्रम में कहा गया कि लोगों का जीवन स्तर सुधरा है। लोगों के पास कारें अधिक हो गई हैं। इस कारण शहर में जाम लगता है। हालांकि, हकीकत इससे अलग है।
बताया गया कि सड़क पर रेहड़ी-पटरी संचालकों का अतिक्रमण और वाहनों की पार्किंग के चलते जाम की स्थिति बनती है। जिम्मेदारों द्वारा समय-समय पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाता है, लेकिन फिर रेहड़ी-पटरी वाले कब्जा जमा लेते हैं। यह कहीं न कहीं सिस्टम पर सवाल खड़ा करता है।
इंदिरापुरम में यात्री स्टैंडों पर अतिक्रमण हो गया है। यात्री स्टैंडों पर हुआ अतिक्रमण इस पर लिखे स्वच्छ और सुंदर गाजियाबाद स्लोगन को आइना दिखा रहा है।
लोगाें का हाल बेहाल
इंदिरापुरम में अतिक्रमण की समस्या से लोगाें का हाल बेहाल है। सड़क पर तो अतिक्रमण है ही, अब लोगों ने यात्री स्टैंडों पर भी कब्जा कर लिया है। जीडीए द्वारा लाखों की लागत से बनाए गए यात्री स्टैंड बदहाल हो गए हैं। अब यहां यात्रियों की बजाय लोगों ने अपना कब्जा जमा लिया है।
सामान रख कर लिया अतिक्रमण
न्याय खंड एक में जीडीए मार्केट और हिमालया लीजेंड सोसायटी के पास बने यात्री स्टैंड पर लोगाें का बसेरा हो गया है। रेहड़ी-पटरी वालों का अतिक्रमण है। इन स्टैंडों के सामने लोगों ने वाहन पार्किंग बना ली है। ऑटो और ई-रिक्शा खड़े कर लिए हैं। लोग अब इस पर कपड़े सुखा रहे हैं। साथ ही अन्य सामान रख अतिक्रमण कर लिया है।
इंदिरापुरम में जीडीए की ओर से यात्रियों के लिए करीब 10 वर्ष पहले बस स्टैंड बनाए गए थे। ये स्टैंड यात्रियों के काम आते थे। धूप और वर्षा में यात्री इनके नीचे बैठते थे। हालांकि, कई वर्ष से इनका रखरखाव नहीं हुआ। इस कारण ये स्टैंड बदहाल हो गए हैं।
पिछले वर्ष इंदिरापुरम नगर निगम को हैंडओवर हो गया है। लेकिन जिम्मेदार इसका रखरखाव तो दूर इसको अतिक्रमण मुक्त भी नहीं करा पा रहे हैं। अब ये स्टैंड यात्रियों के किसी काम के नहीं रहे गए हैं। जिम्मेदारों द्वारा अगर इसका रखरखाव ठीक से किया जाए तो ये स्टैंड यात्रियों के काम आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें- इंदिरापुरम के न्यायखंड-1 में सीवर और नाले के कनेक्शन का अधूरा काम; गंदगी और बीमारियों से जूझ रहे निवासी
महापौर से अतिक्रमण हटवाने को बोला, तो बोलीं मंत्री से कहिए
इंदिरापुरम के न्याख खंड एक स्थित विधायक कालोनी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अनुपम शुक्ला ने बताया कि अतिक्रमण की समस्या से लोग परेशान हैं। कालोनी के बाहर तो मुख्य सड़क पर अतिक्रमण है ही, कालोनी के अंदर भी अतिक्रमण से लोग परेशान हैं। कालोनी के अंदर भी बाइक रिपेयरिंग की दुकानें खोल ली गई हैं। बृहस्पतिवार को उद्धाटन कार्यक्रम में महापौर आईं थीं। उनसे अतिक्रमण हटवाने के लिए बात की तो बोलीं मंत्री से कहिए।
यह भी पढ़ें- मेयर के 'एक घर में 4-4 कारें होने से जाम' के तर्क से बहुत अलग है हकीकत, अतिक्रमण ने जकड़ा इंदिरापुरम और पूरा शहर
इंदिरापुरम में जगह-जगह सड़क पर अतिक्रमण से लोग परेशान हैं। न्याय खंड एक में कई जगह अतिक्रमण है। रेहड़ी वालों का कब्जा है। ग्रीन बेल्ट पर कार वाशिंग सेंटर वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। अतिक्रमण की समस्या को लेकर प्रदर्शन के बाद भी कोई हल नहीं निकला। - मनोज ठाकुर, एओए अध्यक्ष सुपरटेक आइकन सोसायटी
इंदिरापुरम में मुख्य सड़क से लेकर कालोनी के अंदर अतिक्रमण की समस्या से लोग परेशान हैं। इस कारण बनने वाली जाम की स्थित से लोग जूझ रहे हैं। अतिक्रमण की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। - वंदना वर्मा
