मेयर के 'एक घर में 4-4 कारें होने से जाम' के तर्क से बहुत अलग है हकीकत, अतिक्रमण ने जकड़ा इंदिरापुरम और पूरा शहर
गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल के जाम के लिए कारों को जिम्मेदार ठहराने के दावे के विपरीत, पड़ताल में इंदिरापुरम ...और पढ़ें

पुराने बस अड्डे के पास अंबेडकर रोड पर अतिक्रमण के कारण लग रहा जाम। फोटो: जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल का दावा है कि लोगों का जीवन स्तर सुधरा है, जिसकी वजह से एक घर में चार-चार कारें होने से जाम लग रहा है। यह बयान अपने आप में ही अजीब और जिम्मेदारी से भागने वाला लगता है।
इस बयान से उलट हकीकत अलग है। दैनिक जागरण की टीम ने पड़ताल की तो पता चला कि सड़कों पर वाहन की पार्किंग और अतिक्रमण के कारण जाम लग रहा है। शहर की प्रमुख सड़कें हों या बाजार हो, वहां पर अतिक्रमण की समस्या है।
पार्किंग के उचित इंतजाम न होने के कारण लोग सड़क पर ही वाहन खड़े करते हैं। इंदिरापुरम क्षेत्र में जगह-जगह फुटपाथ से लेकर सड़क तक अतिक्रमण और इससे लगने वाले जाम से लोगों का हाल बेहाल है। जहां देखो वहां अतिक्रमण ही अतिक्रमण दिखता है। इससे लगने वाले जाम से लोग रोजाना जूझ रहे हैं। पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
अतिक्रमण के खिलाफ सड़क पर उतरने का भी फर्क नहीं
इंदिरापुरम के लोग कई बार सड़कों पर उतरे हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई हैं। सड़कों से लेकर फुटपाथ व ग्रीन बेल्ट पर पूरी तरह कब्जा कर रखा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां सड़क, फुटपाथ व ग्रीन बेल्ट की जमीन बेचकर अतिक्रमण कराया जा रहा है। इससे रोजाना जाम की समस्या से जूझना पड़ता है।

न्याय खंड एक जीडीए मार्केट के पास हुआ अतिक्रमण। जागरण
इंदिरापुरम के लोगों ने बताया कि पूरे क्षेत्र के में अतिक्रमण से जूझ रहा है। विभिन्न प्रकार की दुकान खोलकर ग्रीन बेल्ट व सड़कों पर अतिक्रमण कर रखा है। अवैध मोटर वर्कशाप व कबाड़ की दुकान संचालित हो रही हैं। इसको लेकर कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है।
सड़कों पर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। आवागमन के दौरान जाम की स्थिति से जूझना पड़ता है। जिम्मेदारों ने आंखें मूंद रखी हैं। कोई भी सुनवाई के लिए तैयार नहीं है।
- ज्योत्सना शर्मा, निवासी, इंदिरापुरम
यहां के लोग नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम समेत विभिन्न शहरों के लिए नौकरी पर जाते हैं। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती जाम की होती है। लोगों को घंटों पहले घर से निकलता पड़ता है। इसके बाद भी ये पता नहीं होता कि समय पर पहुंचेंगे या नहीं।

न्याय खंड एक में महर्षि दयानंद चौक पर हुआ अतिक्रमण। जागरण
ये स्थिति कोई एक दिन की नहीं है, बल्कि रोज की समस्या बन चुकी है। इंदिरापुरम के न्याय खंड- एक और दो, शक्ति खंड-तीन, नीति खंड-एक, अभय खंड-एक और चार, ज्ञान खंड एक, दो, तीन और चार समेत अन्य क्षेत्रों में लोग अतिक्रमण से परेशान हैं।

शक्ति खंड तीन में हुआ अतिक्रमण। जागरण
न्याय खंड-एक में प्रवेश करते ही सड़क पर चलना मुश्किल
एनएच-नौ से न्याय खंड-एक में प्रवेश करते ही महर्षि दयानंद चौक के पास खाने-पीने के ठेला लगाकर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। यहीं पर कार रिपेयरिंग, वाशिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं। इनके वाहन सड़क पर खड़े होते हैं।

न्याय खंड एक में कार वाॅशिंग सेंटर वालों ने किया सड़क पर अतिक्रमण। जागरण
सुपरटेक आइकन सोसायटी के पास नाला निर्माण और सीवर लाइन डालने के चल रहे कार्य के कारण एक तरफ की सड़क बाधित है। दूसरी ओर की सड़क से वन वे ट्रैफिक चलता है।
एनसीआर में जीवनभर की कमाई से आशियाना खरीदने के बाद अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे हैं। शिकायत के बाद कोई समाधान नहीं होता।
-जुगल बग्गा, निवासी, सुपरटेक आइकन
यहां भी कार वाॅशिंग सेंटर खुला हुआ है। वन वे सड़क पर भी कार वाशिंग सेंटर वाले वाहन खड़ा कर साफ-सफाई करते हैं। वन वे ट्रैफिक के कारण कई बार लोग हादसे का शिकार हो चुके हैं।

अभय खंड में अतिक्रमण के कारण लगा जाम। जागरण
जिला मुख्यालय के बाहर सड़क पर पार्किंग
जिला मुख्यालय के बाहर सड़क पर वाहनों को अवैध तरीके से पार्क किया जाता है। आईएमटी काॅलेज के सामने आरडीसी की ओर आने वाली सड़क पर दुकानें लगाई जाती हैं, इससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है और जाम लगता है।

कलक्ट्रेट के सामने हापुड़ रोड पर सड़क पर हो रही अवैध पार्किंग। जागरण
जिला मुख्यालय के बाहर हापुड़ रोड पर दोनों तरफ सड़क पर ही वाहन पार्क किए जाते हैं। पुलिस की ओर से यहां पर नो पार्किंग के बोर्ड भी लगाए गए हैं लेकिन वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह न होने के कारण सड़क पर ही वाहन पार्क किए जाते हैं। इससे दिन में यहां पर जाम की समस्या बनी रहती है।
नगर निगम कार्यालय के बाहर सड़क पर पार्किंग
नगर निगम कार्यालय में पार्किंग के लिए जगह है लेकिन दिन में जब अधिक संख्या में लोग अलग-अलग कार्य से नगर निगम कार्यालय आते हैं तो उनको कार्यालय के अंदर वाहन पार्क करने के लिए जगह नहीं मिल पाती है, इस वजह से वह कार्यालय के बाहर सड़क पर वाहन पार्क कर देते हैं। इस वजह से जाम लगता हे।
-1773897682861.jpg)
नगर निगम मुख्यालय के पास सड़क के दोनों ओर पार्क किए गए वाहन। जागरण
नगर निगम कार्यालय के बगल से ही नवयुग मार्केट और अंबेडकर रोड को जोड़ने वाली सड़क है, इस सड़क के दोनों ओर दुकानें लगाई जाती हैं। जिससे वाहन चालकों को सड़़क पर चलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती और जाम की समस्या उत्पन्न होती है।
अंबेडकर रोड पर जगह-जगह लगता है जाम
शहर में अंबेडकर रोड पर दुकानें, शोरूम हैं। तुराब नगर मार्केट अंबेडकर रोड से रमते राम रोड के बीच में स्थित है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग रोजाना खरीदारी के लिए यहां पर आते हैं, लेकिन चौधरी मोड़ से तुराब नगर कट तक पहुंचने में उनको जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।

तुराबनगर बाजार के पास अंबेडकर रोड पर गाड़िया खड़ी होने के कारण लग रहा जाम। जागरण
दुकानदारों ने सड़क पर अतिक्रमण किया है, वाहन चालक वाहन भी सड़क पर पार्क करते हैं। ऐसे में दो लेन की सड़क सिंगल लेने की हो जाती है और वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगने के कारण जाम लगता है।
अंबेडकर रोड पर पुराना बस अड्डा के पास भी यही स्थिति है, यहां दुकानदारों ने सड़क पर अतिक्रमण किया है और सवारियों को बैठाने के लिए बसें भी सड़क पर खड़ी रहती हैं।
जीटी राेड पर रोज ही जाम का झाम
शहर में जीटी रोड पर रोजाना जाम लगता है। घंटाघर मार्केट, बजरिया, गोल मार्केट के पास रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है, इससे वाहन चालकाें को परेशानी होती है, जाम की मुख्य वजह सड़कों पर दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किया जाना और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर वाहनों को पार्क किया जाना है।

तुराबनगर बाजार के पास अंबेडकर रोड पर गाड़िया खड़ी होने के कारण लग रहा जाम। जागरण
लोगों का कहना है कि लोग खुद से अतिक्रमण नहीं करते हैं। उन्हें अतिक्रमण कराया जाता है। इसके बदले उनसे उगाही की जाती है। इक्का-दुक्का बार जब भी अतिक्रमण हटाया गया है। उस दौरान खुद अतिक्रमण करने वालों ने उगाही का आरोप लगाया है।
जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण ही सड़कों पर उतरना पड़ता है। बीते एक वर्ष में कई बार सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा है। इसके बाद भी अतिक्रमण की समस्या से राहत नहीं मिल रही है।
- प्रभास झा, निवासी, इंदिरापुरम
-1773897950163.jpg)
शक्ति खंड तीन में हुआ अतिक्रमण। जागरण
इंदिरापुरम की कोई भी सड़क ऐसी नहीं है, जहां अतिक्रमण न हो। अतिक्रमण यहां की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है। आवागमन के दौरान लोगों काे जाम से जूझना पड़ता है।
- मनीषा भूषण, स्थानीय निवासी, इंदिरापुरम
यह भी पढ़ें- ‘एक घर में 4-4 कारें, इसलिए जाम’, गाजियाबाद के बदतर ट्रैफिक पर मेयर का अजीब तर्क; लोगों ने उठाए सवाल
