इंदिरापुरम के न्यायखंड-1 में सीवर और नाले के कनेक्शन का अधूरा काम; गंदगी और बीमारियों से जूझ रहे निवासी
इंदिरापुरम के न्यायखंड-एक में सीवर और नाले का काम चार महीने से अधूरा पड़ा है, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं। ...और पढ़ें

इंदिरापुरम के न्याय खंड एक की सुपरटेक आइकन सोसायटी के सामने सड़क पर भरा नाले का पानी व पड़ा मलबा। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। इंदिरापुरम के न्यायखंड-एक स्थित सुपरटेक आइकन सोसायटी के सामने नाले का निर्माण और सीवर लाइन डालने का काम स्थानीय लोगों के लिए समस्या बन चुका है।
लोगों का आरोप है कि नवंबर माह में शुरू हुआ काम अब तक पूरा नहीं किया गया है और अब भी काम बंद है। इसकी सीधी जिम्मेदारी नगर निगम के निर्माण विभाग, जलकल और ठेकेदार की बताई जा रही है।
न्यायखंड-एक में गौड़ ग्रीन विस्टा से लेकर जीडीए मार्केट तक एक किलोमीटर तक नाले का निर्माण होना है जबकि गौड़ ग्रीन विस्टा से ही शुक्र बाजार तक सीवर लाइन का काम भी किया जाना है। पिछले कई दिनों से काम बंद है।

इससे क्षतिग्रस्त सड़क, यहां बहते सीवर के पानी, इसमें पनपते मच्छर समेत कई समस्याएं निवासी झेल रहे हैं। जब नाले के लिए खोदाई हुई तो सीवर का पानी इलाके में भर गया। पीछे के एरिया से भी नाले और सीवर लाइन का पानी ओवरफ्लो होकर यहां भरने लगा।
सीवर लाइन डालने का काम से जगह-जगह रास्ते खोद कर छोड़ दिए गए है। सीवर का गंदा पानी चारों ओर फैला हुआ है। लोग पैदल कहीं आवागमन कर नहीं सकते है। एफएसएसएफ रोड का एक हिस्सा पूरी तरह खोद कर, निर्माण का काम अधूरा छोड़ दिया गया है।
चार हाउसिंग सोसायटी समेत अन्य इलाकों के लिए मुसीबत
एफएसएसएफ रोड के पर चार हाउसिंग सोसायटी हैं। सुपरटेक आइकन, पत्रकार विहार, इंद्रलोक और गौड़ ग्रीन विस्टा, इसके अलावा हजारों लोग नजदीक में जीडीए फ्लैट्स और मकनपुर गांव के निवासी हैं।
इन लोगों के लिए नाले और सीवर का आधा-अधूरा काम मुसीबत बना हुआ है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि मुख्य सड़क और गलियों में बहते सीवर के पानी से इलाके में महामारी फैल सकती है।
पार्षद का आरोप, निगम के विभागों में सामंजस्य की कमी
स्थानीय पार्षद हरीश कड़ाकोटि ने बताया कि सीवर और नाले का काम एक साथ शुरू किया गया। पहले नाले के लिए खोदाई की गई फिर सीवर लाइन डालने का काम भी शुरू कर दिया गया। इससे इलाके में समस्या पैदा हो गई।
दोनों विभागों के बीच सामंजस्य की कमी से लोग गंदगी में जकड़ी जिंदगी जी रहे हैं। कई बार शिकायत करने पर पानी की निकासी के लिए पंपसेट लगाए गए हैं। शुक्रवार को भी सुबह इसका वीडियो बनाकर अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद पानी की निकासी के लिए पंपसेट भेजे गए।
-1773468561986.jpg)
सीवर का काम शुरू होने पर बंद किया नाले का काम
निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने बताया कि नाले का काम सीवर लाइन डालने के चलते बंद किया गया। काम में देरी पर उन्होंने बताया कि खोदाई के समय सड़क में पड़ी बिजली की लाइन, गैस पाइपलाइन में फाल्ट की शिकायतें मिलने पर देरी हुई। इसके अलावा नवंबर माह के बाद ग्रेप और इससे पहले वर्षा के चलते भी काम प्रभावित हुआ है।
सुपरटेक आइकन के एओए अध्यक्ष मनोज ठाकुर का कहना है सभी सोसायटी के प्रतिनिधियों को लेकर वह नगर निगम के एक-एक अधिकारी से मिल चुके हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सख्त कार्रवाई करते हुए सीवर लाइन निर्माण कार्य को त्वरित शुरू करने का आदेश दिया था, जिससे उन दिनों काम में गति भी आई थी, लेकिन वर्तमान में काम रुक गया है।
- मनोज ठाकुर, अध्यक्ष, एओए
क्षेत्र में चारों ओर जलभराव, मच्छर और बीमारी फैलने की स्थिति है। क्या ठेकेदार ने काम करना रोक दिया है या क्या कारण है, किसी को साफ पता नहीं।
- मनोज उनियाल, स्थानीय निवासी
बच्चे, महिला, बुजुर्ग या घरेलू कर्मचारी, जो आमतौर पर पैदल चलते है, बदबूदार पानी और कीचड़ में चलने को मजबूर है। कई स्थानीय दुकानदार इस बहते सीवर के पानी के कारण अपना व्यवसाय स्थानांतरित कर चुके है।
- संचय, स्थानीय निवासी
लोग ऑनलाइन एप से खरीदारी कर रहे हैं, जिससे छोटे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है और लोग इलाके में जाने-जाने से बच रहे हैं। दोनों काम जल्द पूरे कराए जाएं।
- अनूप चौहान, स्थानीय निवासी
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना: गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर के हर गांव तक पहुंचेगी बस सेवा
