विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोनी: कार के टायरों की हवा निकाल अस्पताल में की ताबड़तोड़ फायरिंग; इनफ्लुएंसर के परिवार पर जानलेवा हमला

Published: Sat, 14 Nov 2026 06:17 PM (IST)

गाजियाबाद के लोनी में एक निजी अस्पताल में इनफ्लुएंसर हाजी सलमान के परिवार पर हमलावरों ने हमला कर दिया।

लोनी में फायरिंग।

लोनी में फायरिंग।

HighLights

  1. लोनी के निजी अस्पताल में परिवार पर हमला।

  2. हमलावरों ने कार तोड़ी, अस्पताल में फायरिंग की।

  3. तीन आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश कारण।

संवाद सहयोगी, लोनी। गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में शुक्रवार देर रात हमलावरों ने इनफ्लुएंसर हाजी सलमान के परिवार पर हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने पहले अस्पताल के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ कर चारों पहियों की हवा निकाल दी। इसके बाद अस्पताल में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। जान बचाने के लिए परिवार के सदस्यों ने अस्पताल के शौचालय में छिपकर अपनी जान बचाई।

हमलावरों पर एक बुजुर्ग महिला के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर मारपीट करने का भी आरोप है। पुलिस ने एक नामजद समेत 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

छोटी बहू को निजी अस्पताल में कराया था भर्ती

लोनी थाना क्षेत्र की गौरी पट्टी निवासी बुंदू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके छोटे बेटे शहनवाज की पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण उसे दिल्ली-सहारनपुर रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे वह अपनी पत्नी संजीदा, बेटी नसीमा और नाती अफजल के साथ कार से बहू को देखने अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान अफजल अस्पताल के बाहर कार के पास खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान गौरव अंबावत अपने करीब दस साथियों के साथ वहां पहुंचा और कार में तोबड़फोड़ कर दी।

हमलावरों ने कार के चारों पहियों की हवा निकाल दी। विरोध करने पर अफजल के साथ गाली-गलौज करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में अफजल बाल-बाल बचा। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य बाहर आए तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद हमलावर अस्पताल के अंदर घुस गए और ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।

अस्पताल के शौचालय में छिपकर जान बचाई

परिवार के सदस्यों ने अस्पताल के शौचालय में छिपकर जान बचाई। बुंदू का आरोप है कि हमलावरों ने अस्पताल में मौजूद बुजुर्ग महिला नसीमा के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की। घटना के बाद उनके नाती ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर हमलावर फरार हो गए।

पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कराए। बुंदू ने अपने बेटे हाजी सलमान के साथ पुरानी रंजिश को हमले की वजह बताते हुए गौरव अंबावत और दस अज्ञात के खिलाफ शिकायत दी थी।


पीड़ित की शिकायत पर एक नामजद समेत 11 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में गौरव अंबावत, गौरव राघव और आशू शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

-रामकिशन, एसीपी लोनी।

यह भी पढ़ें- लोनी में शॉर्ट सर्किट की वजह से दुकान में लगी भीषण आग, 35 लाख का सामान हुआ खाक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।