विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिंडन एयरपोर्ट: अब सिर्फ गिने-चुने शहर नहीं, पूरे देश से जुड़ेगा गाजियाबाद... यात्रियों के समय और धन दोनों की होगी बचत

Published: Sun, 10 May 2026 11:53 PM (IST)

गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट का 14 एकड़ भूमि पर विस्तार किया जाएगा, जिससे शहर की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ेगी। 6.8 एकड़ ...और पढ़ें

हिंडन हवाई अड्डा। जागरण

हिंडन हवाई अड्डा। जागरण


अभिषेक सिंह, गाजियाबाद। दिल्ली के करीब गाजियाबाद के सिकंदरपुर में बने हिंडन एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर तैयारी तेज कर दी गई है। एयरपोर्ट का विस्तार कुल 14 एकड़ जमीन पर किया जाएगा। इसमें से 6.8 एकड़ जमीन की खरीद को लेकर किसानों से सहमति बन गई है और इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। शेष 7.2 एकड़ जमीन की खरीद के लिए सिकंदरपुर गांव के किसानों से अब जिला प्रशासन द्वारा वार्ता शुरू कर दी गई है।

ऐसे में हिंडन एयरपोर्ट की उड़ान बेंगलुरू, मुंबई, चेन्नई, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ जैसे सीमित शहरों तक नहीं बल्कि देश के काेने - काेने तक होगी, इससे गाजियाबाद में विकास को पंख लगेंगे और आसपास के जिलों के लोगों के लिए भी एयर कनेक्टिविटी की सुविधा बेहतर होगी।14 एकड़ जमीन पर विस्तार होने से हिंडन एयरपोर्ट की जमीन का कुल क्षेत्रफल 21.5 एकड़ से अधिक हो जाएगा। वर्तमान में हिंडन एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल 7.5 एकड़ है।

वर्ष 2014 में केंद्र में एनडीए और वर्ष 2017 में प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद हिंडन एयरपोर्ट के निर्माण कार्य ने गति पकड़ी और 2019 में निर्माण कार्य पूरा हुआ। इसके बाद हिंडन एयरपोर्ट से यात्रियों के लिए उड़ान सेवा शुरू की गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एयरपोर्ट का लोकार्पण किया था।

हिंडन एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू होने के बाद गाजियाबाद, नोएडा, गौतमबुद्धनगर, पूर्वी दिल्ली, मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों से लोग दिल्ली के बजाय हिंडन एयरपोर्ट से हवाई सफर करने लगे। ऐसे में हिंडन एयरपोर्ट से देश के ज्यादा से ज्यादा शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू कराने की जरूरत महसूस हुई।

गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग ने भी हिंडन एयरपोर्ट के विस्तार काे लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों और मंत्रियों से मुलाकात की, उन्होंने एयरपोर्ट का विस्तार करने की मजबूत पैरवी की। इसके बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से एयरपोर्ट के विस्तार के लिए प्रक्रिया शुरू की गई और जिला प्रशासन को पत्र भेजा गया।

लगभग सात एकड़ जमीन पर हिंडन एयरपोर्ट के विस्तार के लिए किसानों से जमीन क्रय करने की सहमति बनाने के लिए जिला स्तर पर अगस्त 2025 में कमेटी का गठन किया गया। इसके बाद सिकंदरपुर गांव के किसानों से कई दौर में वार्ता की गई।

जमीन के रेट को लेकर मामला फंस रहा था, अब प्रशासन और किसानों के बीच तय हुआ है कि जो जमीन सड़क के किनारे स्थित है उसकी खरीद 24 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से और जो जमीन सड़क के किनारे स्थित नही है, उसकी खरीद 22 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से की जाएगी।

कुल 6.8 एकड़ की जमीन खरीदने के लिए 63 करोड़ रुपये खर्च होंगे, यह रकम प्रदेश सरकार देगी। इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है, अब एयरपोर्ट प्रशासन ने हिंडन एयरपोर्ट के विस्तार के लिए कुल 14 एकड़ जमीन की मांग कर दी है।

एयरपोर्ट का विस्तार कर विमानों के खड़े करने के लिए अधिक जगह उपलब्ध हो और पर्याप्त संख्या में चेक इन काउंटर की संख्या बढ़ाई जा सके। ऐसे में एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ेगी और देश के कई शहरों के लिए यहां से उड़ान शुरू हो सकेगी, जिसका लाभ गाजियाबाद के साथ ही आसपास के शहरों में रहने वाले लोगों को मिलेगा।

नोएडा एयरपोर्ट और आइजीआइ एयरपोर्ट नहीं जाना पड़ेगा

गाजियाबाद में हिंडन एयरपोर्ट से अधिक शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू होने के बाद लोगों को दिल्ली स्थित आइजीआइ एयरपोर्ट और नोएडा में बनकर तैयार हुए एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू होने के बाद भी वहां पर नहीं जाना पड़ेगा।

नोएडा एयरपोर्ट का निर्माण कार्य जेवर में किया गया है, कनेक्टिविटी के मामले में गाजियाबाद का हिंडन एयरपोर्ट बेहतर आप्शन साबित होगा। गाजियाबाद रेलवे स्टेशन, आनंद विहार रेलवे स्टेशन से भी हिंडन एयरपोर्ट की दूरी आइजीआइ एयरपोर्ट और नोएडा एयरपोर्ट के मुकाबले कम है, लोगों को एयरपोर्ट स्टेशन तक पहुंचने के लिए समय और धन दोनों ही कम खर्च करना पड़ेगा।

2019 से 2022 के बीच में भी हुआ है विस्तार : हिंडन एयरपोर्ट का विस्तार पहली बार नहीं हो रहा है, इससे पहले एयरपोर्ट का संचालन शुरू होने के बाद वर्ष 2019 से 2022 के बीच भी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए किसानों से जमीन खरीदी गई है। इससे पहले किसानों से जमीन अधिग्रहण करने के लिए 18 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर का रेट तय किया गया था। अब 22 हजार और 24 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से किसानों से जमीन खरीदी जाएगी।

हिंडन एयरपोर्ट के विस्तार के लिए एयरपोर्ट प्रशासन ने 14 एकड़ जमीन की मांग की है। 6.8 एकड़ जमीन खरीदने के लिए किसानों से सहमति बनने पर प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। शेष 7.2 एकड़ जमीन को किसानों से क्रय करने के लिए वार्ता शुरू की गई है। - अवनीश सिंह, एडीएम एलए।

हिंडन एयरपोर्ट में एक हवाई जहाज खड़ा करने की जगह थी, इसलिए ज्यादा शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू नही हो पा रही थी। अब एयरपोर्ट का विस्तार होने से हवाई जहाज खड़े होने की संख्या बढ़ेगी। ऐसे में ज्यादा शहरों के लिए उड़ान सेवा ग़ाज़ियाबाद से उपलब्ध होगी, इसका लाभ न केवल ग़ाज़ियाबाद बल्कि आसपास के जनपद के रहने वाले लोगों को भी मिलेगा। उम्मीद है कि जल्द ही यह कार्य पूरा होगा। - अतुल गर्ग, सांसद

यह भी पढ़ें: NCR वालों के लिए गुड न्यूज: हिंडन एयरपोर्ट का होगा बड़ा विस्तार, बढ़ेंगी उड़ानें और यात्रियों को मिलेंगी शानदार सुविधाएं