NCR वालों के लिए गुड न्यूज: हिंडन एयरपोर्ट का होगा बड़ा विस्तार, बढ़ेंगी उड़ानें और यात्रियों को मिलेंगी शानदार सुविधाएं
गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है, जिसमें किसानों से करीब सात एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी।

गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। फाइल फोटो
HighLights
किसानों की सहमति से हिंडन एयरपोर्ट विस्तार का मार्ग प्रशस्त।
सात एकड़ भूमि अधिग्रहण से एयरपोर्ट क्षमता में वृद्धि होगी।
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी सुधरेगी, एनसीआर का हवाई बोझ घटेगा।
शाहनवाज अली, गाजियाबाद। हिंडन एयरपोर्ट को भारतीय वायुसेना के हिंडन एयरबेस के साथ विकसित किया गया है। इसे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बढ़ते दबाव को कम करने और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए उडान योजना के तहत 2019 में आरंभ किया गया था। जिला प्रशासन द्वारा करीब सात एकड़ जमीन किसानों से अधिग्रहित की जा रही है।
इसके लिए 40 किसानों ने सहमति प्रदान की है। जमीन सीधे किसानों से खरीदी जाएगी। लंबे समय में अटके विस्तार से एयरपोर्ट की क्षमता में काफी बढ़ोतरी होगी, जिससे एनसीआर क्षेत्र में हवाई ट्रैफिक का बोझ कम होने के साथ ही क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी। हिंडन एयरपोर्ट विस्तार से यात्री देश के अन्य प्रमुख शहरों के लिए उड़ान भर सकेंगे।
हिंडन एयरपोर्ट विस्तार के लिए करीब सात एकड़ भूमि का रास्ता साफ हो गया है। भूमि अधिग्रहण को लेकर आ रहीं बाधाएं लगभग दूर हो गई हैं। लंबे समय से चल रही बातचीत और प्रशासनिक आश्वासनों के बाद किसानों ने परियोजना के पक्ष में सहमति जताते हुए एयरपोर्ट विस्तार के लिए अधिग्रहित होने वाली जमीन के लिए लिखित में अनुमति प्रदान की है।
विस्तार के साथ ही एयरपोर्ट का दायरा बढ़कर करीब 14 एकड़ हो जाएगा। प्रशासन ने एयरपोर्ट विस्तार से जुड़ी विभागवार रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजेगा। हिंडन एयरपोर्ट विस्तार के साथ-साथ क्षेत्र में चल रही अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं पर भी प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।
इसके अलावा सड़क चौड़ीकरण, संपर्क मार्गों का सुधार, औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का विकास भी हिंडन एयरपोर्ट विस्तार योजना में शामिल हैं। डीएम रविंद्र कुमर मांदड़ का कहनाा है कि शासन से स्वीकृति मिलने पर विस्तार कार्य का अगला चरण आरंभ किया जाएगा।
हिंडन एयरपोर्ट एक नजर में...
- उद्घाटन : मार्च 2019 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया।
- पहली उड़ान : अक्टूबर 2019 में वाणिज्यिक उड़ान आरंभ हुईं।
- शुरुआती उड़ान : मुख्य रूप से पिथौरागढ़, हुबली, कलबुर्गी शहरों के लिए आरंभ हुईं।
- वर्तमान स्थिति (2025-26) : हिंडन एयरपोर्ट से इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी एयरलाइंस बेंगलुरु, कोलकाता, गोवा, मुंबई, चेन्नई, पटना आदि के लिए उड़ानें संचालित कर रही हैं। दिल्ली एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए हिंडन एयरपोर्ट पर नई उड़ानों के लिए 80 सीटर और 180 सीटर विमान के लिए पार्किंग उपलब्ध है।
बेहतर हुई हैं सुविधाएं
वर्ष 2020 से अब तक एयरपोर्ट प्रबंधन लगातार सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है। एयरपोर्ट पर एयरक्राफ्ट खड़ा करने से लेकर अन्य तमाम इक्वीपमेंट्स के लिए जगह मौजूद है। इसके साथ ही यात्रियों के लिए बेबी केयर रूम व फीडिंग रूप को भी अपग्रेड किया गया है। एयरपोर्ट के विस्तार के साथ ही यहां पार्किंग लेन के साथ ही यात्रियों के अन्य सुविधाओं में भी बढ़ोतरी होगी।
एयरपोर्ट विस्तार से बढ़ेंगी सुविधाएं
हिंडन एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग को मुख्य प्रवेश द्वार बढ़ाया जाएगा। इससे मौजूदा नौ चेक इन काउंटरों में नए काउंटर जोड़े जा सकते हैं।
डिपार्चर एरिया और गाड़ी पिक अप-ड्राप आफ प्वाइंट का भी विस्तार किया जाएगा। यात्री वाहन पिक-अप एरिया की चौड़ाई दोगुना हो सकती है। मुख्य एयरपोर्ट रोड को लंबा और चौड़ा करने से ट्रैफिक का फ्लो आसान होगा। पीक आवर्स में यात्रियों को संभालने के लिए विस्तार किया जाएगा। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
हिंडन एयरपोर्ट विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों ने सहमति प्रदान कर दी है। एयरपोर्ट के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण का रास्ता साफ हो गया है। इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जा रहा है। संबंधित विभागों से भूमि अधिग्रहण को लेकर आ रही अड़चनों को दूर कर विकास कार्याें को गति देने के निर्देश दिए गए हैं।
- रविंद्र कुमार मांदड़, जिलाधिकारी
यह भी पढ़ें: रिचार्ज का झंझट खत्म! गाजियाबाद में स्मार्ट मीटर फिर से हुए पोस्टपेड, हर महीने की 10 तारीख तक आएगा बिल
