गाजियाबाद: शादी से इनकार पर महिला का गला रेता, हालत नाजुक; भागते समय छत से कूदने पर आरोपी का हाथ टूटा
गाजियाबाद के साहिबाबाद में शादी से इनकार करने पर एक युवक ने महिला का गला धारदार हथियार से रेत दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
-1765075284615_v-1781827640160_v-1795584545176_m.webp)
घटना के बाद मौके पर जांच के लिए पहुंची पुलिस। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
युवक ने शादी से इनकार पर महिला का गला रेता।
महिला गंभीर घायल, दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोपी ने छत से कूदकर खुद को भी घायल किया।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद (गाजियाबाद)। गाजियाबाद के साहिबाबाद में टीला मोड़ थना क्षेत्र के अंबेडकर कॉलोनी में शादी से इनकार करने पर एक युवक ने महिला के गले को धारदार हथियार से रेत दिया।
इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के भाई ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वहीं, घटना के बाद आरोपी ने भी नशे की हालत में छत से छलांग लगा दी। इस घटना में वह भी घायल हुआ है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
शादी का बनाता है दबाव
नोएडा निवासी अब्दुल रहमान का कहना है कि उनकी 35 वर्षीय बहन खुशबू अपने पति से अलग बेटी के साथ अंबेडकर कॉलोनी में किराये पर रहती हैं। पड़ोस में रहने वाला जगदेव नशे का आदी है और उनकी बहन को परेशान करता है। वह अक्सर बहन पर शादी का दबाव बनाता है।
सोमवार दोपहर उनकी खुशबू अपनी बेटी के साथ बाजार जा रही थी। इस दौरान जगदेव नशे की हालत में आया और शादी का दबाव बनाया। खुशबू के मना करने पर उसने धारदार हथियार से खुशबू के गले पर वार कर दिया।
नशे की हालत में छत से कूदा
खुशबू ने घायल होने पर शोर मचाया तो आरोपी भाग कर पड़ोस की छत पर चढ़ गया। आसपास के लोगों ने उन्हें जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं घटना के बाद आरोपी नशे की हालत में छत से कूद गया। इससे उसके हाथ में फ्रेक्चर आया और कमर में चोट है। पुलिस ने उसे अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में भर्ती कराया।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। महिला की हालत अस्पताल में सामान्य है। आरोपी के अस्पताल से डिस्चार्ज होने पर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: मोदीनगर में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग का भी आरोप, केस दर्ज