विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोनी में खूनी खेल: महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या, मौके पर पहुंची 4 थानों की पुलिस

Published: Mon, 16 Nov 2026 12:52 AM (IST)

लोनी की इंद्रापुरी कॉलोनी में पेशाब करने से रोकने पर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। शिकायत ...और पढ़ें

लोनी में खूनी खेल: महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या, मौके पर पहुंची 4 थानों की पुलिस ( एआई जेनरेटेड इमेज)

लोनी में खूनी खेल: महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या, मौके पर पहुंची 4 थानों की पुलिस ( एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. पेशाब रोकने पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदला।

  2. शिकायत करने गई पूजा को सिर में गोली मारकर हत्या।

  3. आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ की।

हरि शंकर शर्मा, लोनी। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरी कॉलोनी में शनिवार रात पेशाब करने से रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।

आरोप है कि पहले आरोपित पक्ष के लोगों ने महिला के भाई अमन के साथ मारपीट की। भाई के साथ हुई मारपीट की शिकायत करने मौसेरे भाई अमित के साथ आरोपितों के घर पहुंची पूजा (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

गोली उसके सिर में लगी। इस दौरान मौसेरा भाई अमित भी घायल हो गया। महिला की हत्या के बाद गुस्साए स्वजन ने आरोपित पक्ष के घर में तोड़फोड़ की। हंगामे की सूचना पर चार थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंची।

भाई के साथ मारपीट के बाद पहुंची थी शिकायत करने

इंद्रापुरी कॉलोनी के सी ब्लॉक में बाबूलाल परिवार के साथ रहते हैं। वह पिछले कई वर्षों से लकवे के चलते बीमार हैं। उनकी 35 वर्षीय बेटी पूजा की शादी दादरी निवासी नरेंद्र से हुई थी। पूजा की दो बेटियां हैं। वह भाई दूज पर मायके आई हुई थी।

शनिवार रात उसका भाई अमन घर से कुछ दूरी पर बैठा था। पूजा की मौसी ने बताया कि इसी दौरान डी ब्लॉक में रहने वाले कुछ युवक वहां पहुंचे और अमन से विवाद करने लगे। आरोप है कि युवकों ने अमन के साथ मारपीट की और तमंचे की बट मारकर उसे घायल कर दिया।

पेशाब करने से रोकने पर शुरू हुआ था विवाद

बताया गया कि विवाद की शुरुआत एक युवक के सार्वजनिक स्थान पर पेशाब करने को लेकर हुई थी। उसे ऐसा करने से रोकने पर कहासुनी हुई थी। भाई के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर पूजा अपने मौसेरे भाई अमित के साथ शिकायत करने आरोपित पक्ष के घर पहुंची।

आरोप है कि वहां भी उनके साथ मारपीट की गई और इसी दौरान आरोपितों ने फायरिंग कर दी। एक गोली पूजा के सिर में लगी, जबकि अमित भी घायल हो गया। छोटे भाई हर्ष को भी चोट आई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया।

हत्या के बाद आरोपित पक्ष के घर में तोड़फोड़

पूजा की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन और आसपास के लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने आरोपित पक्ष के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। हंगामे की सूचना पर चार थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और स्थिति संभाली।

कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ

घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। डीसीपी ग्रामीण ने बताया कि गोली लगने से महिला की मौत हो गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। स्वजन से शिकायत लेकर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- अब बहुत हो गया...! ट्रांस हिंडन में गंगा जल नहीं मिलने से खफा लोगों का टूटा सब्र का बांध, अब किया ये ऐलान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।