विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पत्नी के भाई को वीडियो कॉल कर दिखाई हालत... कत्ल कर फरार हुआ पति; तलाश में जुटी गाजियाबाद पुलिस

By vinit Edited By: Kapil Kumar
Published: Mon, 05 Oct 2026 12:54 PM (IST)Updated: Mon, 05 Oct 2026 01:29 PM (IST)

गाजियाबाद के सदरपुर में एक पति ने अपनी 33 वर्षीय पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि उसने ...और पढ़ें

महिला का फाइल फोटो। जागरण

महिला का फाइल फोटो। जागरण

HighLights

  1. पति ने 33 वर्षीय पत्नी रेनू की पीट-पीटकर हत्या की।

  2. मारपीट के दौरान भाई को वीडियो कॉल कर घटना दिखाई।

  3. पुलिस आरोपी पति अरुण की तलाश में जुटी है।

विनीत कुमार, गाजियाबाद। गाजियाबाद में मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के सदरपुर में रविवार को 33 वर्षीय महिला की उसके ही पति ने पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि पति ने मारपीट के दौरान महिला के भाई को वीडियो कॉल की और कहा, देख, आधी कर दी है, आओ और इसे उठाकर ले जाओ।

इसके बाद भाई परिजनों के साथ गाजियाबाद पहुंचा, लेकिन घर पर ताला लगा मिला। पड़ोसियों से महिला को अस्पताल ले जाने की जानकारी मिलने पर परिजन संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी है। महिला की हत्या सिर पर भारी वस्तु मारकर की गई है।

दंपती के दो बेटे

अलीगढ़ के पिसावा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी रेनू की करीब 15 वर्ष पहले सदरपुर निवासी अरुण से शादी हुई थी। उनके दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 12 और 9 वर्ष है। अरुण एक फैक्ट्री में काम करता है।

वीडियो कॉल पर रेनू की हालत दिखाई

मायके पक्ष का आरोप है कि अरुण शराब पीकर अक्सर रेनू के साथ मारपीट करता था। मृतका के मामा दलजीत सिंह के मुताबिक, रविवार को भी अरुण ने रेनू के साथ मारपीट की। इसी दौरान उसने रेनू के भाई राहुल राठी को वीडियो कॉल की। वीडियो कॉल पर उसने रेनू की हालत दिखाई। यह सुनकर राहुल परिजनों के साथ सदरपुर के लिए रवाना हो गया। घर पहुंचने पर ताला लगा मिला।

ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल से फरार

पड़ोसियों ने बताया कि रेनू को अस्पताल ले जाया गया है। राहुल परिजनों के साथ संजय नगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचा। तब तक ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल से फरार हो गए।

चिकित्सकों ने रेनू को मृत घोषित कर दिया। राहुल ने पति अरुण समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ थाने में शिकायत दी है।

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि आरोपी पति की तलाश की जा रही है। शीघ्र आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली: मंकी कैप पहनकर आए हमलावर ने महिला को पड़ोसी के घर में घुसकर मारी गोली, मर्डर से सनसनी