दिल्ली: मंकी कैप पहनकर आए हमलावर ने महिला को पड़ोसी के घर में घुसकर मारी गोली, मर्डर से सनसनी
दिल्ली के सुल्तानपुर डबास में मंकी कैप पहने हमलावर ने 32 वर्षीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मनीषा को गोली मार दी, जिससे ...और पढ़ें
HighLights
बवाना के सुल्तानपुर डबास में महिला मनीषा की गोली मारकर हत्या।
मंकी कैप पहने हमलावर ने पड़ोसी के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, हत्या के पीछे की वजह की जांच।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बाहरी दिल्ली में बवाना के सुल्तानपुर डबास इलाके में सोमवार सुबह मंकी कैप पहनकर आए हमलावर ने 32 वर्षीय महिला मनीषा को गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी स्कूटी से फरार हो गया।
उधर, गंभीर हालत में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अभी चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर स्थिति की पुष्टि कर रही है।
गोली चलने की सूचना मिली
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9:15 बजे सुल्तानपुर डबास में गोली चलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि मनीषा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं और इलाके में अपनी दुकान पर थीं।
महिला की हत्या से सनसनी
बताया कि हमलावर ने उन पर गोली चलाई तो वह जान बचाने के लिए भागकर पड़ोसी के घर में घुस गईं। आरोप है कि हमलावर भी उनके पीछे पड़ोसी के घर में दाखिल हो गया और वहां महिला को गोली मार दी।
वारदात के बाद हमलावर स्कूटी से फरार हो गया। मंकी कैप पहने होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस हत्या के पीछे की वजह समेत सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
यह भी पढ़ें- खेल-खेल में 15 साल के लड़के ने 13 साल के बच्चे की छाती में घोंपा चाकू, तीन बार घुमाया; फरीदाबाद में मर्डर से सनसनी
