पहले ईमानदारी से लौटाया मुनाफा, फिर 38 लाख ठगे; रकम मांगने पर गाजियाबाद की महिला को दी आत्महत्या की धमकी
गाजियाबाद में एक महिला से ऑनलाइन कारोबार में भारी मुनाफे का लालच देकर करीब 38 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़िता की शिकायत पर कविनगर पुलिस ने एक ही परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है।
-1765665851037_v-1794799096057-1795149120389-1795149129759_m.webp)
HighLights
ऑनलाइन कारोबार में भारी मुनाफे का लालच देकर महिला से ठगी।
गाजियाबाद की लता त्यागी से 38 लाख रुपये की धोखाधड़ी।
चार आरोपी परिवार सदस्यों पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। ऑनलाइन कारोबार में हर महीने 10 से 15 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर एक महिला से करीब 38 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। राजनगर निवासी पीड़िता लता त्यागी की शिकायत पर कविनगर पुलिस ने एक ही परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
राजनगर निवासी पीड़िता लता त्यागी के अनुसार करीब तीन साल पहले अपनी परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात नेहरू नगर निवासी बिंदिया जैन से हुई थी। बिंदिया ने खुद को ऑनलाइन कारोबारी बताते हुए निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा दिया। शुरुआत में पीड़िता ने ढाई लाख रुपये दिए। जिसके बदले बिंदिया ने कुछ रकम वापस भी की। इससे पीड़िता का भरोसा बढ़ गया।
इसके बाद सिटी माॅल के नाम पर बड़े लाभ का लालच देकर आरोपित दंपत्ति ने पीड़िता से नकद और बैंक खातों के जरिए कुल 38 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़िता ने यह रकम अपने रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेकर दी थी।
जब पीड़िता ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपितों ने टालमटोल शुरू कर दी। दबाव बनाने पर फरवरी 2025 में बिंदिया के पति सचिन जैन ने डायरी में 25 लाख रुपये और नवंबर 2024 में बिंदिया ने 4.50 लाख रुपये का वायदा नोट लिखकर दिया, लेकिन भुगतान नहीं किया।
आरोप है कि पिछले एक साल में आरोपी तीन-चार किराये के मकान बदल चुके हैं और अब पैसे मांगने पर आत्महत्या करने या देख लेने की धमकी देते हैं। कविनगर पुलिस ने बिंदिया जैन, उसके पति सचिन जैन, अक्षत जैन और परी जैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।