गाजियाबाद में 12 घंटे में दो भीषण सड़क हादसे, टेंपो मालिक और बाइक सवार की मौत
गाजियाबाद में बीते 12 घंटे के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई। ईस्टर्न पेरीफेरल ...और पढ़ें

गाजियाबाद में 12 घंटे में दो भीषण सड़क हादसे ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
गाजियाबाद में 12 घंटे में हुए दो सड़क हादसे।
ईपीई पर अज्ञात वाहन से टेंपो मालिक की मौत।
गुलधर में डंपर ने बाइक सवार को कुचला।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। शहर में 12 घंटे में हुए दो सड़क हादसे में एक मालवाहक टेंपो चालक और एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
बाइक सवार को शनिवार रात गुलधर नमो भारत स्टेशन के पास डंपर ने टक्कर मार दी, जबकि ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के अज्ञात वाहन ने मालवाहक टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो मालिक की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रुप से घायल हो गया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंपो मालिक की मौत
पुलिस के मुताबिक हादसा रविवार तड़के करीब चार बजे ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर दादरी की ओर जाने वाले मार्ग पर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के कट से करीब एक किलोमीटर पहले हुआ। टक्कर के बाद टेंपो पलट गया। दोनों लोग केबिन में फंस गए।
हादसे में टेंपो मालिक बिजनौर के नहटौर स्थित गांव महमूदपुर निवासी 35 वर्षीय सतीश उर्फ सोनू की मौत हो गई, जबकि चालक नहटौर थानाक्षेत्र स्थित गांव फिरोजपुर निवासी 42 वर्षीय कौशल घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची मसूरी पुलिस ने हाईवे हेल्पलाइन की मदद से हाइड्रा के जरिए टेंपो को सीधा कराया ओर दोनों को बाहर निकालकर सीएचसी डासना पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सतीश को मृत घोषित कर दिया। घायल चालक का उपचार कराया गया।
पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के स्वजन को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि सतीश टेंपो में गाजर लादकर दिल्ली लेकर जा रहे थे।
डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मारी, मौत
शनिवार रात गुलधर नमो भारत स्टेशन के पास डंपर ने बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में औरेया के बकेवर थानाक्षेत्र स्थित गांव अहीरीपुर निवासी 30 वर्षीय भूपेंद्र प्रताप की मौत हो गई।
टक्कर मारने के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। रविवार को युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
यह भी पढ़ें- फतेहपुर के हेड कांस्टेबल पुष्पेंद्र बने मिसाल, 12 किमी दूर PET अभ्यर्थी को सेंटर तक पहुंचाया; एसपी से मिलेगा इनाम
