गाजियाबाद में ट्रांसफार्मर बदलते समय फटी सीटी, कामगारों पर गिरा खौलता तेल; 80% झुलसे युवक की मौत और दो झुलसे
गाजियाबाद के दौलतपुरा में भाटिया पॉटरीज में ट्रांसफार्मर बदलते समय सीटी फटने से खौलता तेल कामगारों पर गिरा। हादसे में ...और पढ़ें

इस ट्रांसफार्मर की सीटी में लगी थी आग। सौ. सुधी पाठक
HighLights
गाजियाबाद में ट्रांसफार्मर बदलते समय सीटी फटने से हादसा।
खौलता तेल गिरने से पांच कामगार गंभीर रूप से झुलसे।
80% झुलसे नियाबुल की उपचार के दौरान दुखद मौत।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। दौलतपुरा स्थित भाटिया पाॅटरीज में बुधवार दोपहर ट्रांसफार्मर बदलते समय उसकी सीटी (करंट ट्रांसफार्मर) फट गई। सीटी से निकला खौलता तेल आसपास मौजूद कामगारों पर गिर गया। हादसे में पांच लोग झुलस गए। इनमें गंभीर रूप से झुलसे नियाबुल की उपचार के दौरान रात में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दो अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दो कामगार भूरा और सुलेमान भी मामूली रूप से झुलसे, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए गंभीर रूप से झुलसे कामगारों को अस्पताल पहुंचाया। हादसा बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे भाटिया रोड स्थित भाटिया पाटरीज में हुआ। पुलिस को इसकी सूचना शाम करीब चार बजे मिली।
मौके पर पहुंची सिहानी गेट पुलिस को जानकारी मिली कि ट्रांसफार्मर बदलने के दौरान सीटी फटने से उसमें मौजूद गर्म तेल कामगारों पर गिर गया। पुलिस के अनुसार, दीपक शर्मा निवासी हरिवंश नगर करीब 50 प्रतिशत झुलसे हैं।
नियाबुल निवासी गोविंदपुर खुर्द, मुरादाबाद करीब 80 प्रतिशत झुलसे थे। मोहम्मद इकरार भी गोविंदपुर खुर्द निवासी हैं और करीब 20 प्रतिशत झुलसे हैं। तीनों को कालका गढ़ी चौक स्थित पन्नालाल श्यामलाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उपचार के दौरान नियाबुल ने रात करीब 10 बजे दम तोड़ दिया। मामूली रूप से झुलसे भूरा ने बताया कि दीपक और इकरार समेत अन्य कामगार ट्रांसफार्मर लगाने के काम के लिए आए थे, जबकि नियाबुल वहां चिनाई का काम करने आया था। हादसे के बाद मामूली रूप से झुलसे भूरा और सुलेमान ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
