विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद के स्कूल की बस में लगी आग के बाद मची चीख-पुकार, इसमें सवार थे 22 बच्चे; सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अभिभावक

By Gaurav Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 23 Sep 2026 05:26 PM (IST)

गाजियाबाद के दिल्ली पब्लिक वर्ल्ड स्कूल की बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे उसमें सवार 22 बच्चों में अफरातफरी और चीख पुकार मच गई।

गाजियाबाद के दिल्ली पब्लिक वर्ल्ड स्कूल की बस में लगी आग।

गाजियाबाद के दिल्ली पब्लिक वर्ल्ड स्कूल की बस में लगी आग। 

HighLights

  1. बागपत के सुभानपुर गांव के पास गाजियाबाद की सीमा में है दिल्ली पब्लिक वर्ल्ड स्कूल 

  2. बस में बागपत जिले के बच्चे भी थे सवार, अभिभावकों ने जर्जर बसों पर जताई चिंता।

संवाद सहयोगी, खेकड़ा (बागपत)। गाजियाबाद के दिल्ली पब्लिक वर्ल्ड स्कूल की बस में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे बस में चीख-पुकार मच गई। बच्चों के शोर मचाने पर चालक ने बस को रोका। सभी बच्चे बस से उतर गए, जबकि कई के बैग जलकर नष्ट हुए।

घटना से अभिभावकों में हड़कंप मच गया, बच्चों को सुरक्षित पाकर ही राहत की सांस ली। अग्निशमन विभाग कर्मचारियों ने मशक्कत से आग बुझाई।

बागपत के सुभानपुर गांव के पास गाजियाबाद की सीमा में दिल्ली पब्लिक वर्ल्ड स्कूल है। रोजाना की भांति दोपहर में छुट्टी होने के बाद चालक प्रिंस बस में अब्दुलपुर, नूरपुर खालसा, एनबीसीसी कालोनी व मंडोला के करीब 25 बच्चों को छोड़ने के लिए निकला था। जेल रोड पर अब्दुलपुर गांव में तीन बच्चों को उतारा था।

कुछ दूर चलते ही धुआं उठने लगा तो सवार बच्चों के शोर मचाने पर चालक ने बस काे रोका। आननफानन में सवार सभी 22 बच्चे बस से बाहर आए जबकि अधिकांश के बैग बस में ही रह गए। कुछ ही देर में आग ने बस को पूरी तरह चपेट में ले लिया। बस में आग लगी देकर ग्रामीणों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

खेकड़ा व ट्रानिका सिटी के कर्मचारी अग्निशमन वाहन को लेकर पहुंचे, मशक्कत से आग काे बुझाया। बस में आग लगी की सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावक मौके पर पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित पाकर राहत की सांस ली। कोतवाली प्रभारी आशीष कुमार का कहना है कि स्कूली बस में शार्ट सर्किट से आग लगी थी। सभी बच्चे सुरक्षित हैं।

धुआं देख बच्चों ने मचाया शोर तो रुकी बस

स्कूली बस में सवार बच्चों ने बताया कि बस में पहले हल्का फिर अचानक से अधिक धुआं उठा तो शोर मचाने पर ड्राइवर ने बस को रोका। बस से उतरने के चक्कर में बच्चे एक दूसरे पर गिर भी गए। आग की लपटें उठने पर काफी बच्चों के बैग बस में ही छूट गए। बच्चों ने बताया कि बस से उतरने के बाद करीब एक किमी तक पैदल चले, फिर आगे परिवार के लोग मिले। स्वजन को देखकर सहमे बच्चे शांत हुए।

पुरानी जर्जर बसें चलाने का आरोप

स्कूली बस में आग लगने की घटना के बाद अभिभावकों में स्कूल संचालक के विरुद्ध आक्रोश है। दीपक, मनोज, संजय आदि का कहना है कि संचालक मनमर्जी से बच्चों के ट्रांसपोर्ट की रकम लेते हैं। अधिकांश संचालक पुराने व जर्जर वाहनों से ही बच्चों को सफर कराते हैं।

जर्जर व पुराना वाहन होने के कारण ही शार्ट सर्किट से आग लगी डीएम से स्कूली वाहनों की जांच कराने और पुराने वाहन से बच्चों को आवागमन कराने वाले संचालकों पर कार्रवाई की मांग की है।