गाजियाबाद वाले ध्यान दें! आज से 21 सितंबर तक रेलवे का मेगा ब्लॉक, कई ट्रेनें रहेंगी रद; कुछ के बदले रूट
गाजियाबाद यार्ड में संपर्क तार बदलने के काम के चलते रेलवे ने ट्रेनों के प्रभावित होने की तिथि में बदलाव ...और पढ़ें

गाजियाबाद रेलवे स्टेशन का दृश्य। जागरण
HighLights
गाजियाबाद यार्ड में संपर्क तार बदलने का कार्य जारी रहेगा।
ट्रेनों के प्रभावित होने की तिथि अब 21 सितंबर तक बढ़ाई गई।
कई ट्रेनें निरस्त, मार्ग परिवर्तित और देरी से चलेंगी।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद यार्ड में संपर्क तार बदलने के काम के चलते गाजियाबाद-महरौली अप व डाउन और गाजियाबाद-सीवाईजेड लाइन पर काम करने के लिए रेलवे की ओर से तीन दिन तीन-तीन घंटे का पावर और ट्रैफिक ब्लाक लिया जाएगा।
ऐसे में कुछ ट्रेनें निरस्त रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा। कई ट्रेनों को रास्ते में रोककर चलाया जाएगा।
पूर्व में रेलवे ने इस ब्लाक के लिए 14 सितंबर से 19 सितंबर तक अलग-अलग तिथि में प्रभावित होने की बात कही थी लेकिन अब इस प्लान में रेलवे ने बदलाव किया है। अब 16 सितंबर यानी आज बुधवार से लेकर 21 सितंबर तक अलग-अलग तिथि में ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
कई ट्रेनें निरस्त, कई के रूट बदले
रेलवे के अनुसार बरेली-दिल्ली जंक्शन के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 54075 को 16, 18 और 20 सितंबर को निरस्त किया गया है। इसके अलावा दिल्ली जंक्शन-सतरौद ट्रेन संख्या 54085 और सतरौद-दिल्ली जंक्शन ट्रेन संख्या 54086 को 17, 19 और 21 सितंबर को रद रखा जाएगा।
दिल्ली जंक्शन-बरेली ट्रेन संख्या 54076 भी 17, 19 और 21 सितंबर को संचालित नहीं होगी। गाजियाबाद से गुजरने वाली ट्रेन संख्या 13065 हावड़ा जंक्शन-आनंद विहार टर्मिनल का 17 सितंबर का संचालन प्रभावित रहेगा।
इस ट्रेन को मुरादाबाद से हापुड़-पिलखुआ होते हुए गाजियाबाद लाने के बजाय मुरादाबाद-लक्सर जंक्शन-रुड़की-टपरी-मेरठ सिटी-गाजियाबाद होकर चलाया जाएगा। इसके चलते ट्रेन का गजरौला जंक्शन और हापुड़ पर ठहराव नहीं होगा।
इसी तरह ट्रेन संख्या 04013 एलकेक्यू-आनंद विहार टर्मिनल को 15, 17 और 19 सितंबर को इसी वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। हालांकि इस ट्रेन का कोई ठहराव नहीं छोड़ा जाएगा।
कई ट्रेनें देरी से चलेंगी
ब्लाक के कारण ट्रेन संख्या 15092 टनकपुर-दौराई को 16, 18 और 20 सितंबर को टनकपुर से रात 7:50 बजे रवाना किया जाएगा। यह ट्रेन निर्धारित समय से करीब 90 मिनट देरी से चलेगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 15014 काठगोदाम-जैसलमेर को 16, 18 और 20 सितंबर को मुरादाबाद मंडल में 70 मिनट, 14205 अयोध्या कैंट-दिल्ली जंक्शन को 50 मिनट और 12391 राजगीर-नई दिल्ली को 40 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-हावड़ा और अमृतसर-कोलकाता के बीच चलेंगी पूजा स्पेशल ट्रेनें, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल
यह भी पढ़ें- भागलपुर से दिल्ली रोजाना, तो सहरसा से मुंबई के लिए चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन; चेक करें शेड्यूल और रूट
