गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस में बड़ा फेरबदल, 10 लाख से अधिक ई-चालान जारी
कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद गाजियाबाद यातायात पुलिस ने संसाधनों और तकनीक में कई सुधार किए हैं। 10 लाख से अधिक ई-चालान जारी किए गए हैं, साथ ही पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ी और जनभागीदारी भी सुनिश्चित की गई है।

गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस में बड़ा फेरबदल ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
कमिश्नरेट बनने के बाद 10 लाख से अधिक ई-चालान जारी हुए।
यातायात पुलिस ने संसाधनों, तकनीक और कार्यप्रणाली में कई बदलाव किए।
सड़क सुरक्षा और जनभागीदारी बढ़ाने हेतु विशेष प्रयास किए गए।
विनित, गाजियाबाद। कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के चार साल में गाजियाबाद की यातायात पुलिस ने संसाधनों, तकनीक और कार्यप्रणाली में कई बदलाव किए हैं।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने से लेकर आधुनिक कैमरों, इंटरसेप्टर वाहनों और स्मार्ट ट्रैफिक बूथ तक की व्यवस्था की गई है। शहर के 41 प्रमुख स्थानों पर 870 सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर गिर रही गाज
इनके माध्यम से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान भी किए जा रहे हैं। अब तक 10 लाख से अधिक ई-चालान किए जा चुके हैं। रोजाना औसतन चार हजार से अधिक चालान हो रहे हैं।
कमिश्नरेट बनने के बाद यातायात पुलिस के ढांचे में भी विस्तार हुआ है। पहले छह यातायात निरीक्षकों की जगह अब 11 निरीक्षक तैनात हैं। ट्रैफिक दारोगा 25 से बढ़कर 125 और मुख्य आरक्षी व आरक्षियों की संख्या 470 से बढ़कर 718 हो गई है।
यातायात व्यवस्था में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए 500 से अधिक वालंटियर भी जोड़े गए हैं। इन्हें यातायात प्रबंधन, शोध, इंटरनेट मीडिया और जागरूकता की चार टीमों में बांटा गया है। यातायात पुलिस ने जाम और दुर्घटना संभावित स्थानों पर बदलाव भी कराए हैं।
डिवाइडर को हटाया जा रहा
वैशाली मेट्रो के पास ऑटो पार्किंग की व्यवस्था, नया बस अड्डा, मोहन नगर और विजयनगर टी-प्वाइंट पर बसों के लिए अलग लाइन बनाई गई है। एनएच-9 पर सुंदरदीप कालेज के सामने दुर्घटना की आशंका वाले डिवाइडर को हटवाया गया।
वहीं, मेरठ रोड पर मननधाम के पास गड्ढों को भरवाने और साजन मोड़ पर सड़क सुधार का काम कराया गया। सड़क हादसों में मौत कम करने के लिए जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना के तहत 10 स्थानों पर विशेष टीम गठित की गई हैं।
यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 में सड़क हादसों में 195 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2026 में अक्टूबर तक यह संख्या 184 रही। इसके अलावा ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए इंटरसेप्टर वाहनों से निगरानी, अतिक्रमण हटाने का अभियान और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता के प्रयास किए जा रहे हैं।
कमिश्नरेट बनने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े स्तर पर बदलाव हुए हैं। लोगों को लगातार यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।--वरुण कुमार सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में लापरवाही की सारी हदें पार, गर्भाशय में छोड़ दिए गाउन और तौलिया, जांच के नाम पर सिर्फ कमेटी का गठन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।