गाजियाबाद वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, प्रदूषण घटाने के लिए चलेंगी 100 नई इलेक्ट्रिक बसें
गाजियाबाद में प्रदूषण कम करने के लिए 100 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी, जिससे नए साल तक कुल बसों की संख्या 150 हो जाएगी। परिवहन आयुक्त ने बैठक में पुराने वाहनों को स्क्रैप करने और इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर छूट देने की बात कही, साथ ही मेट्रो विस्तार का सुझाव भी दिया।
-1795639890812_m.webp)
गाजियाबाद में प्रदूषण घटाने को चलेंगी सौ नई इलेक्ट्रिक बसें ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
गाजियाबाद में प्रदूषण कम करने को 100 नई इलेक्ट्रिक बसें।
नए साल तक जिले में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 150 होगी।
इलेक्ट्रिक वाहन खरीद पर सरकार दे रही है रोड टैक्स छूट।
अभिषेक सिंह, गाजियाबाद। गाजियाबाद में प्रदूषण की समस्या को कम करने के लिए सौ नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। जिससे कि लोग निजी वाहन छोड़कर इलेक्ट्रिक बसों में सफर कर सकें और इससे प्रदूषण कम हो।
यह बातें उत्तर प्रदेश के परिवहन आयुक्त ने बुधवार को गाजियाबाद में कलक्ट्रेट में बैठक के दौरान कहीं। उम्मीद है कि नए साल तक जिले में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 50 से बढ़कर 150 हो जाएगी।
10 हजार लोग खरीदेंगे इलेक्ट्रिक व्हीकल
इसके अलावा यूपी एनसीआर के आठ जिलों में दस हजार लोगों ने अब तक इलेक्ट्रिक व्हीकल खरीदने के लिए पंजीकरण कराया है, ये दस हजार वाहन जब सड़कों पर आएंगे तो प्रदूषण में कमी देखने को मिलेगी।
इसके अलावा उन्होंने बैठक में मेट्रो ट्रेन के रूट के विस्तार के सुझाव से प्रदेश सरकार को अवगत कराने की बात कही, जिससे कि जाम की समस्या कम हो और सड़कों पर वाहन कम हों।
परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन को गाजियाबाद में वायु प्रदूषण की रोकथाम और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ओर से दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने और संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए प्रदेश सरकार ने नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
निगम कार्यालय का किया जाएगा निरीक्षण
बुधवार को गाजियाबाद में दौरे के दौरान उन्होंने प्रदूषण के मद्देनजर जिले के नौ हाटस्पाट में से दो साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया और सिद्धार्थ विहार का निरीक्षण किया। वहां पर प्रदूषण की वजहों और उसकी रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्याें की जानकारी की।
इसके बाद यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए आइटीएमएस प्रोजेक्ट की जानकारी के लिए उन्होंने नगर निगम कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद कलक्ट्रेट में संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदूषण की रोकथाम के लिए तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए।
बेहतर स्थिति में गाजियाबाद
उन्होंने कहा कि प्रदूषण की कारकों में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी वाहनों की है। जो वाहन पुराने होते हैं, उससे प्रदूषण अधिक होता है।
ऐसे में सरकार ने डीजल वाहनों के लिए दस साल और पेट्रोल वाहनों के लिए 15 साल की समय सीमा निर्धारित की है। उम्र पूरी कर चुके वाहनों को स्क्रैप कराने का नियम है, इसमें गाजियाबाद में बेहतर कार्य हुआ है।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद को बढ़ावा दें, इसके लिए सरकार की ओर से उनको राहत भी दी जा रही है।
प्रदेश सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद करने पर रोड टैक्स माफ करने की व्यवस्था की है, जिसका लाभ लोग ले सकते हैं।
कंपनियों की ओर से इलेक्ट्रिक वाहन की खरीद करने पर लगभग 12 प्रतिशत तक डिस्काउंट भी दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- दुश्मन के ड्रोन अब नहीं बच पाएंगे! देहरादून में बनने लगा भारतीय सेना की ताकत बढ़ाने वाला 'CM3-MR'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।