विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद के खोड़ा में सिलाई कारीगर की गोली मारकर हत्या, कमरे में चरपाई पर मिला शव

Published: Sat, 10 Oct 2026 11:26 PM (IST)

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक सिलाई कारीगर अंशुल का शव कमरे में चारपाई पर मिला, जिसकी कमर में गोली मारकर हत्या की गई थी।

खोड़ा के वंदना एनक्लेव में गोली लगा शव मिलने के शोकाकुल स्वजन, जागरण।

खोड़ा के वंदना एनक्लेव में गोली लगा शव मिलने के शोकाकुल स्वजन, जागरण।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र की वंदना एन्क्लेव कालोनी में किराये पर रह रहे सिलाई कारीगर का शव शनिवार शाम कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला।

मृतक की कमर में गोली मारकर हत्या की गई थी। घटना के समय मृतक की पत्नी काम पर गई थी। पुलिस शव पोस्टमार्टम को भेजकर मामले की जांच में जुटी है।

किराये के कमरे में रहता था पूरा परिवार

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए हैं। पुलिस ने जल्द वारदात से पर्दाफाश करने की बात कही है। मूल रूप से लखीमपुर खीरी निवासी सिलाई कारीगर अंशुल (35) खोड़ा की वंदना एन्क्लेव कालोनी में किराये के कमरे में परिवार के साथ रहते थे।

उनके परिवार में पत्नी निशा, एक बेटा और एक बेटी हैं। दोनों बच्चे गांव में रहते हैं। अंशुल और निशा एक ही फैक्ट्री में सिलाई का काम करते हैं। पति को फैक्ट्री से दो दिन की छुट्टी मिली थी। जिस कारण वह घर पर था। शनिवार सुबह पत्नी काम पर गई थीं।

कमरे में चारपाई पर पड़ा था शव

कमरे में अंशुल का जीजा पप्पू भी रहता है। वह भी सिलाई का काम करता है। एक बजे जीजा कमरे पर खाना खाने आया था। खाना खाने के बाद वह चला गया। शाम करीब सात बजे पत्नी कमरे पर पहुंची। कमरे की कुंडी बाहर से लगी थी। वह कुड़ी खोलकर अंदर दाखिल हुई।

अंशुल का शव चारपाई पर पड़ा था। कमर से खून निकलकर आसपास बिखर रहा था। पति का शव देखकर उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

मामले की जांच जारी

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे से में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। सूचना पाकर डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने मौका मुआयना कर अधिनस्थनों को वारदात से पर्दाफाश करने के निर्देश दिए। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मकान के पास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं।

गली के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए हैं। मृतक के जीजा पप्पू से पूछताछ की जा रही है। मामले में सभी बिन्दुओं पर जांच के बाद जल्द वारदात से पर्दाफाश किया जाएगा।

कब चली गोली किसी को नहीं चला पता

एसीपी इंदिरापुरम ने बताया कि पुलिस को करीब सात बजे हत्या की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में हत्या करीब एक घंटे पहले होना प्रतीत हुआ है। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई लेकिन लोगों ने घटना की जानकारी होने और गोली चलने की आवाज सुनने से इन्कार किया है।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के गाड़ी मालिकों को बड़ी राहत, पुराने वाहनों के लिए मिलेगी NOC; चला सकेंगे NCR से बाहर