कागजों में 130 करोड़ का टर्नओवर, मौके पर फर्म ही गायब; गाजियाबाद में 23.35 करोड़ का बड़ा GST फ्रॉड
राज्य कर विभाग की जांच में साहिबाबाद में एक फर्जी कबाड़ फर्म द्वारा 23.35 करोड़ रुपये की बोगस आईटीसी का ...और पढ़ें

गाजियाबाद में बड़े जीएसटी फ्रॉड का खुलासा। फोटो: सांकेतिक
HighLights
राज्य कर विभाग ने 23.35 करोड़ की बोगस आईटीसी पकड़ी।
एसके इंडस्ट्रीज नामक फर्जी कबाड़ फर्म का भंडाफोड़ हुआ।
फर्म ने 129.72 करोड़ की संदिग्ध खरीद-बिक्री दर्शाई।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। राज्य कर विभाग की एसआईबी (विशेष अनुसंधान शाखा) ने कबाड़ खरीदने-बेचने वाली फर्म की जांच की तो 23.35 करोड़ की बोगस आईटीसी का खुलासा हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि जीएसटी पोर्टल पर विसंगतियों के आधार पर फर्म पर छापा मारा तो मौके पर कोई फर्म संचालित नहीं मिली।
23.35 करोड़ की बोगस आईटीसी का लाभ
अपर आयुक्त ग्रेड-2 राम केश्वर ने बताया कि एसके इंडस्ट्रीज के नाम से फर्म की जांच में 129.72 करोड़ रुपये की संदिग्ध खरीद-बिक्री भी सामने आई है। टीम ने डेटा विश्लेषण और पोर्टल पर मिली विसंगतियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए फर्म की जांच की।
इसमें फर्म अस्तित्वहीन और बोगस पाई गई। आरोप है कि फर्म ने कागजों पर खरीद-बिक्री दिखाकर 23.35 करोड़ रुपये की बोगस और अमान्य इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ लिया।
13 फर्मों से दिखाई 129.72 करोड़ की खरीद
संयुक्त आयुक्त सुजाता सिंह ने बताया कि फर्म रबर वेस्ट, रबर स्क्रैप, आयरन सहित विभिन्न प्रकार के स्क्रैप की खरीद-बिक्री का कारोबार दिखा रही थी।
फर्म ने वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2026-27 के दौरान दिल्ली की 13 फर्मों से कुल 129.72 करोड़ रुपये की खरीद दर्शाई थी। इन लेनदेन के आधार पर 23.35 करोड़ रुपये की बोगस और अमान्य आईटीसी प्राप्त किए जाने का मामला सामने आया।
जिन 13 फर्मों से खरीद दिखाई गई, उनके पंजीयन निरस्त थे। वहीं, इन फर्मों से जुड़ी अन्य फर्मों के माध्यम से सर्कुलर ट्रेडिंग किए जाने के संकेत जांच में मिले। संबंधित फर्मों के जीएसटीआर-2ए-2बी में कोई खरीद प्रदर्शित नहीं थी।
इसके अलावा, वित्तीय वर्ष 2026-27 में फर्म ने जीएसटीआर-2ए-2बी में उपलब्ध आईटीसी के मुकाबले जीएसटीआर-3बी में 5.31 करोड़ रुपये अधिक आईटीसी क्लेम की थी।
मौके पर नहीं मिली कोई व्यावसायिक गतिविधि
विभागीय जांच में फर्म मौके पर अस्तित्वहीन पाई गई और यह केवल कागजों पर खरीद-बिक्री का कारोबार कर रही थी। मौके पर कोई वास्तविक व्यावसायिक गतिविधि नहीं हो रही थी। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।