विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहनों का पक्ष लेने पर बेटा खफा, पिता को उतारा मौत के घाट, अब सलाखों के पी्छे

Published: Tue, 10 Nov 2026 03:41 AM (IST)

गाजियाबाद के लोनी में बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी, क्योंकि पिता छोटी-छोटी बातों पर उसे पीटते थे ...और पढ़ें

बहनों का पक्ष लेने पर बेटे ने की पिता की हत्या गाजियाबाद में आरोपी गिरफ्तार ( एआई जेनरेटेड इमेज))

बहनों का पक्ष लेने पर बेटे ने की पिता की हत्या गाजियाबाद में आरोपी गिरफ्तार ( एआई जेनरेटेड इमेज))

HighLights

  1. बेटे ने पिता के सिर और गले पर दाव से वार किए।

  2. पिता छोटी बातों पर पीटते, बहनों का अधिक पक्ष लेते थे।

  3. पुलिस ने आरोपी बेटे शाहवेज उर्फ उमर को गिरफ्तार कर लिया।

हरिशंकर शर्मा, गाजियाबाद। लोनी थाना क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी में बहनों का पक्ष लेने और छोटी-छोटी बातों पर पिटाई किए जाने से नाराज बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी थी। छह नवंबर की देर रात उसने चारपाई पर सो रहे पिता के सिर और गले पर दाव से ताबड़तोड़ वार किए थे।

पुलिस ने हत्यारोपित बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दाव भी बरामद किया गया है। आशियाना सिटी कॉलोनी में 58 वर्षीय इरफान अहमद परिवार के साथ रहते थे।

पिता से खफा था बेटा

वह गलियों में फेरी लगाकर कपड़े बेचते थे। परिवार में पत्नी नवाब बेगम, छह बेटियां और एक बेटा शाहवेज उर्फ उमर है। पत्नी के मुताबिक, सात भाई-बहनों में उमर सबसे छोटा है। छह नवंबर को दोपहर करीब 11 बजे उमर द्वारा बहनों को चिढ़ाने पर इरफान ने उसकी पिटाई कर दी थी।

इससे नाराज होकर वह घर से चला गया और रात करीब एक बजे वापस लौटा। खाना खाने के बाद वह भूतल पर बने कमरे में बहनों शाजिया और मुस्कान के साथ सो गया। रात करीब दो बजे वह प्रथम मंजिल पर पहुंचा, जहां उसके पिता बेड के पास चारपाई पर सो रहे थे।

अब आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज..

आरोपित ने सोते हुए पिता के सिर और गले पर दाव से कई वार कर दिए। इस दौरान पास में बेड पर सो रही बेटी की आंख खुल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस गंभीर रूप से घायल इरफान को संयुक्त अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसीपी रामकिशन ने बताया कि मृतक की बेटी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सात नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि पिता छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट करते थे और बहनों का अधिक पक्ष लेते थे।

इसी से नाराज होकर उसने मौका पाकर सोते हुए पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दाव बरामद कर लिया है।

यह भी पढ़ें- खोड़ा में गंदगी का अंबार, सफाई व्यवस्था चरमराई, लोग परेशान




देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।