गाजियाबाद में स्वगणना की रफ्तार सुस्त, नए आंकड़ों पर लगा ब्रेक, बढ़ी टेंशन
गाजियाबाद में जनगणना के दूसरे चरण की स्वगणना की रफ्तार धीमी है, जिससे सवाल उठ रहे हैं। चार दिन में पांच हजार से भी कम लोगों ने स्वगणना की है, जबकि 30 नवंबर तक का समय है।

गाजियाबाद में स्वगणना की धीमी गति पर चिंता ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
गाजियाबाद में स्वगणना की गति धीमी होने पर सवाल।
चार दिन में पांच हजार से कम लोगों ने की स्वगणना।
30 नवंबर तक स्वगणना की समय सीमा निर्धारित की गई।
अभिषेक सिंह, गाजियाबाद। जिले में स्वगणना की रफ्तार धीमी होने पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। गुरुवार को स्वगणना के नए आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं।
अनुमान है कि अभी जिले में पांच हजार से कम लोग ही स्वगणना कर सके हैं। जनगणना के द्वितीय चरण के तहत ऑनलाइन स्वगणना को शुरू हुए गुरुवार को चार दिन बीत गए।
30 नवंबर तक की समय सीमा निर्धारित
जिले में 20.77 लाख घरों में रहने वाले परिवार को स्वगणना करनी है। स्वगणना के लिए 30 नवंबर तक की समय सीमा निर्धारित की गई है। एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
एडीएम एफआर अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि आनलाइन स्वगणना के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई
प्रगणकों को फील्ड में जाकर लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिक से अधिक लोग स्वगणना करें, इसके लिए विभिन्न माध्यमों से उनको जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वगणना के नए आंकड़े जल्द ही जारी कर दिए जाएंगे।