विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद स्टेशन पर यात्रियों की सेहत से खिलवाड़, 247 अवैध वेंडर पकड़े, बेच रहे थे दूषित पानी-मिलावटी खाना

Published: Fri, 18 Sep 2026 06:23 PM (IST)

गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने 87 दिनों में 247 अवैध वेंडरों पर कार्रवाई की, जो यात्रियों को मिलावटी खाना ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. आरपीएफ ने 87 दिनों में 247 अवैध वेंडरों पर कार्रवाई की।

  2. मिलावटी खाना और दूषित पानी बेचकर यात्रियों की सेहत से खिलवाड़।

  3. कुछ वेंडर मोबाइल छीनने और चोरी में भी संलिप्त पाए गए।

हसीन शाह, गाजियाबाद। ज्यादातर ट्रेनों के जनरल कोच यात्रियों की भीड़ से ठसाठस भरे होते हैं। जिस वजह से यात्री अपनी सीट से नीचे आकर खाना-पानी भी नहीं खरीद सकते हैं। भूख लगने पर उन्हें जो मिल जाता है, खरीदकर खा लेते हैं। गाजियाबाद स्टेशन पर इसी मजबूरी का फायदा उठा रहे थे अवैध वेंडर। आरपीएफ ने पिछले 87 दिनों में ऐसे 247 अवैध वेंडरों पर कार्रवाई की।

इनमें से 194 के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा किया गया है। जांच में पता चला कि ये अवैध वेंडर लाखों यात्रियों की सेहत को नुकसान पहुंचा रहे थे। मिलावटी चीजों से बना खाना बेच रहे थे। इस्तेमाल करने के बाद फेंकी गई पानी की बोतलों में दोबारा दूषित पानी भरकर यात्रियों को बेच रहे थे। ज्यादातर अवैध वेंडर दो वर्ष से सक्रिय थे।

आरपीएफ को जानकारी मिली थी कि अवैध रूप से वेंडर यात्रियों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे थे। इसकी जांच की गई तो पता चला कि स्टेशन पर केवल 146 वेंडर ही वैध वेंडर पाए गए। जबकि वेंडरों की संख्या ज्यादा थी। अन्य वेंडर अवैध रूप से खाना बेच रहे थे।

आरपीएफ ने 87 दिन तक लगातार कार्रवाई कर 247 वेंडरों को पकड़ा। आरोपितों से 53 अवैध वेंडरों से 1,06,000 का जुर्माना वसूला। जबकि अन्य को रेलवे अधिनियम की धारा 144(2) के तहत न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया गया।

सूत्रों के मुताबिक कई वेंडरों ने बताया कि इस्तेमाल करने के बाद फेंकी गई बोतलों में दोबारा पानी भरकर बेचते हैं और खाने को खराब होने के बाद भी बेच देते थे।

मौका मिलने पर छीन लेते थे मोबाइल 

कुछ वेंडर मोबाइल छिनैती भी करते थे। खाना बेचते समय मौका लगने पर चोरी भी कर लेते थे। आरोपित उस दौरान ट्रेनों की खिड़कियों पर खाना-पानी बेचने के लिए सक्रिय हो जाते थे जब ट्रेन चलने वाली होती थी। ट्रेन चलने के बाद यात्री वेंडर को पकड़ भी नहीं सकता था।

रोजाना 80 हजार यात्रियों की आवाजाही 

गाजियाबाद रेलवे स्टेशन दिल्ली-हावड़ा सहित कई रेल मार्गों के बीच स्थित होने के कारण बेहद व्यस्त स्टेशन है। स्टेशन से प्रतिदिन करीब 400 ट्रेनें गुजरती हैं। इनमें करीब 200 ट्रेनों का गाजियाबाद स्टेशन पर ठहराव होता है।

स्टेशन पर रोजाना औसतन करीब 80 हजार यात्रियों की आवाजाही रहती है। ऐसे में यहां पर खाना-पीने का सामान ज्यादा बिकता है।


87 दिनों में ऐसे 247 अवैध वेंडरों पर कार्रवाई की। इनमें से 194 के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा किया गया है। अन्य अवैध वेंडरों से 1,06,000 का जुर्माना वसूला गया है।
- अब्दुल लतीफ, थाना प्रभारी, आरपीएफ

नंबर गेम

- 247 अवैध वेंडरों पर कार्रवाई की गई
- 194 के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया।
- 200 ट्रेनों का गाजियाबाद स्टेशन पर ठहराव होता है।
- 80 हजार यात्रियों की आवाजाही स्टेशन पर रोज होती है।

यह भी पढ़ें- त्योहार पर घर जाने वालों के लिए खुशखबरी, बिहार-पूर्वांचल के लिए 35 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाएगा रेलवे

यह भी पढ़ें- पितृपक्ष मेला, दशहरा, दीपावली और छठ को लेकर रेलवे कर्मचारियों को डीआरएम ने किया सचेत