राजनगर एक्सटेंशन को जल्द मिलेगी बाढ़ से मुक्ति, 6 लेन सड़क से कनेक्टिविटी में आएगा सुधार; GDA ने जारी किया ई-टेंडर
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में हजारों परिवारों को बाढ़ के खतरे से बचाने और कनेक्टिविटी सुधारने के लिए जीडीए ने ...और पढ़ें

HighLights
राजनगर एक्सटेंशन में बाढ़ सुरक्षा बांध और छह लेन सड़क योजना।
हजारों परिवारों को बाढ़ से राहत, यातायात में सुधार होगा।
जीडीए ने कंसल्टेंट चयन के लिए ई-टेंडर जारी किया है।
शाहनवाज अली, गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में रहने वाले हजारों परिवारों को बाढ़ के संभावित खतरे से राहत दिलाने और क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की दिशा में जीडीए ने कदम बढ़ाया है।
क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा बांध बनाने के साथ बोल्डर पिचिंग और छह लेन सड़क विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है।
कंसल्टेंट चयन के लिए ई-टेंडर जारी
इसके लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने कंसल्टेंट चयन के लिए सात नवंबर को ई-टेंडर जारी किया है। चयनित एजेंसी क्षेत्र का सर्वे करने से लेकर बांध और सड़क का एलाइनमेंट तय करने, डिजाइन तैयार करने और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने तक का काम करेगी।
बाढ़ के खतरे से बचाव की योजना
राजनगर एक्सटेंशन तेजी से विकसित हो रही आवासीय कॉलोनियों और बहुमंजिला सोसायटियों वाला क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में परिवार रह रहे हैं। ऐसे में बाढ़ से सुरक्षा के साथ आवागमन की बेहतर व्यवस्था भी स्थानीय निवासियों की प्रमुख जरूरत है।
प्रस्तावित बांध से बाढ़ के संभावित खतरे से बचाव के लिए आधारभूत संरचना विकसित करने की योजना है। वहीं, छह लेन सड़क बनने से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने और आसपास के इलाकों से कनेक्टिविटी बेहतर करने की संभावना है।
सर्वे के बाद तय होगा बांध का स्वरूप
योजना के तहत सलाहकार संबंधित क्षेत्र का सर्वे करेगा। इसके आधार पर बाढ़ सुरक्षा बांध और छह लेन सड़क का एलाइनमेंट निर्धारित किया जाएगा। एजेंसी को निर्माण की तकनीकी जरूरतों, संरचना की मजबूती, बोल्डर पिचिंग, सड़क की चौड़ाई और अन्य जरूरी पहलुओं का अध्ययन भी करेगा।
इसके बाद डिजाइन और लागत के आकलन के साथ डीपीआर तैयार की जाएगी। बोल्डर पिचिंग से बांध की सतह को मजबूती देने और मिट्टी के कटाव से बचाव के तकनीकी उपायों को भी डिजाइन में शामिल किया जाएगा।
135 दिन में तैयार करनी होगी रिपोर्ट
प्राधिकरण की ओर से मिली जानकारी के अनुसार इस कार्य के लिए ओपन टेंडर जारी किया है, जो सेवाओं की श्रेणी का टेंडर है। कार्य पूरा करने के लिए 135 दिन की अवधि निर्धारित की गई है।
बिड की वैधता 90 दिन रहेगी। टेंडर के लिए प्री-बिड बैठक 25 नवंबर को जीडीए सभागार में होगी। इच्छुक एजेंसियां पांच दिसंबर तक निविदा जमा कर सकेंगी, जो आठ दिसंबर की सुबह खोली जाएंगी।
राजनगर एक्सटेंशन से गुजरने वालों को मिलेगी राहत
राजनगर एक्सटेंशन की वर्तमान आबादी लगभग 1.5 लाख से दो लाख के बीच अनुमानित है। यहां करीब 70 से अधिक हाइराइज सोसायटी हैं। यहां छह लेन सड़क योजना से राजनगर एक्सटेंशन की आबादी के अलावा यहां से गुजरने वाले शहर के अन्य इलाकों के हजारों लोगों को भी जाम से राहत मिलेगी।
राजनगर एक्सटेंशन में सुबह और शाम के समय यातायात का दबाव अधिक होने से जाम की स्थिति बन जाती है। इसके लिए छह लेन सड़क तैयार करने की योजना है। वहीं, हरनंदी किनारे तटबंध बनाया जाएगा, जिससे नदी के उफान के चलते बाढ़ के खतरे से बचा जा सकेगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया आरंभ की गई।
- नन्द किशोर कलाल, उपाध्यक्ष जीडीए
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: गंगनहर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, गले पर चोट के निशान; हत्या के बाद फेंके जाने की आशंका
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।