गाजियाबाद की 141 ग्राम पंचायतों में गरीब परिवारों की बदलेगी तकदीर, योजनाओं संग रोजगार का मिलेगा सहारा
गाजियाबाद की 141 ग्राम पंचायतों में बेहद गरीब परिवारों को चिह्नित कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ और रोजगार दिलाने ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
गाजियाबाद की 141 ग्राम पंचायतों में सर्वे जारी।
गरीब परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
कौशल विकास प्रशिक्षण से रोजगार के अवसर मिलेंगे।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। जिले की 141 ग्राम पंचायतों में रहने वाले बेहद गरीब परिवार को चिह्नित कर उनको सरकारी योजनाओं के लाभ के साथ ही रोजगार दिलाने की तैयारी जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है।
इसके लिए पंचायत सहायकों और सचिवों के माध्यम से परिवारों का सर्वे कराया गया है। सभी विभागों की मदद से इन परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
जुटाएंगे परिवारों की जानकारी
पहले चरण में प्रत्येक ग्राम पंचायत से न्यूनतम दस व अधिकतम 25 परिवार को चिह्नित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सर्वे में परिवार की मासिक आय, रोजगार की स्थिति, सदस्यों की संख्या, उपलब्ध संसाधन, काम करने की क्षमता और परिवार की जरूरतों की जानकारी जुटाई गई है।
इसके आधार पर यह तय किया जाएगा कि किस परिवार को किस योजना या रोजगार से जोड़ा जा सकता है।
गरीब परिवारों के उत्थान के लिए शुरू किए गए जीरो पावर्टी अभियान के तहत चयनित पात्र परिवारों को एक तरह आवास उपलब्ध कराने के साथ ही सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा तो दूसरी तरफ परिवार की आमदनी को बढ़ाने के लिए भी कार्य किया जाएगा।
इसके लिए परिवार के एक सदस्य को कौशल विकास के तहत प्रशिक्षण दिलाया जाएगा, जिससे कि वह व्यक्ति कहीं नौकरी कर आमदनी कर सके या फिर खुद कोई रोजगार शुरू कर सके।
जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश में सभी विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना है, जिससे कि अभियान को सफल बनाया जा सके।
इन सरकारी योजनाओं का दिलाया जाएगा लाभ
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि बेहद गरीब परिवार के लोगों को पात्रता के अनुसार आवास, राशन कार्ड, जन आरोग्य योजना, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, दिव्यांगजन पेंशन, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, श्रम कार्ड, उज्जवला योजना, हर घर नल से जल योजना, विद्युत संयोजन, बाल सेवा योजना, स्वयं सहायता समूह और शिक्षा से संबंधित योजनाओं से लाभांवित किया जाएगा।
परिवार के 14 से 35 वर्ष के व्यक्ति को कौशल विकास के तहत प्रशिक्षण दिलाकर रोजगार से जोड़ा जाएगा।
यह भी पढ़ें- गरीबों के अनाज पर पैनी नजर! पंजाब सरकार ने इंस्पेक्टर कैडर को दी बड़ी राहत, बदल जाएगा कामकाज का तरीका
यह भी पढ़ें- हिमाचल के 2 लाख गरीब परिवारों को 300 यूनिट फ्री बिजली और महिलाओं को 1500 रुपये मिलेंगे, CM सुक्खू का एलान
