गाजियाबाद में पुलिस भर्ती की दौड़ बनी चुनौती, मंगलवार को दो मौतों के बाद आज 7 युवतियों समेत 12 अभ्यर्थी बेहोश
गाजियाबाद में पुलिस भर्ती की दौड़ के दौरान बुधवार को फिर 12 अभ्यर्थी बेहोश हो गए, जिनमें सात युवतियां और ...और पढ़ें

गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी में हुई दौड़ के दौरान सात युवतियां और पांच युवक बेहोश होकर गिर पड़े। एआई इमेज
HighLights
गाजियाबाद में पुलिस भर्ती दौड़ के दौरान 12 अभ्यर्थी बेहोश।
सात युवतियां और पांच युवक अस्पताल में भर्ती कराए गए।
दौड़ में पहले ही दो अभ्यर्थियों की हो चुकी है मौत।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। पुलिस भर्ती की दौड़ में दो अभ्यर्थियों की मौत के अगले ही दिन बुधवार को फिर कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी में हुई दौड़ के दौरान सात युवतियां और पांच युवक बेहोश होकर गिर पड़े। सभी को तत्काल संजय नगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
तबीयत बिगड़ने पर कर्मचारियों ने अस्पताल पहुंचाया
बुधवार सुबह युवतियों की दौड़ आयोजित की गई थी। इसमें करीब 100 युवक भी शामिल हुए। 875 युवतियों में 80 अनुपस्थित रहीं। दौड़ के दौरान सात युवतियों और पांच युवकों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सभी का उपचार किया। एक युवती के पैर में दौड़ते समय चोट भी आई थी। अस्पताल में उसका एक्सरे कराया गया, जिसमें फ्रैक्चर नहीं मिला।
मंगलवार को दो अभ्यर्थियों की हुई थी मौत
पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों की दौड़ तीन से आठ अक्टूबर तक गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी में हो रही है। इससे पहले 24 घंटे के भीतर दौड़ में शामिल दो अभ्यर्थियों की मौत हो चुकी है।
सोमवार सुबह मथुरा के महाबन थानाक्षेत्र के कारब गांव निवासी 27 वर्षीय अतुल कुमार दौड़ते समय अचेत होकर गिर गए थे। उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं, मंगलवार सुबह शामली के झिंझाना थानाक्षेत्र के पूरमाफी गांव निवासी 23 वर्षीय विवेक कुमार दौड़ते समय अचानक गिर गए थे। उन्हें संयुक्त जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। बृहस्पतिवार को दौड़ का आखिरी दिन है।
