विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनी महिला वालंटियर फोर्स, 24 थानों से 591 महिलाएं जुड़ीं

By Vinit Edited By: Anup Tiwari
Published: Sun, 06 Sep 2026 07:22 PM (IST)

गाजियाबाद पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए 591 महिला वालंटियर फोर्स (एमवीएफ) का गठन किया है। ये ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. गाजियाबाद पुलिस ने 591 महिला वालंटियर फोर्स गठित की।

  2. वालंटियर पुलिस-समाज सेतु बन महिला सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी।

  3. स्थानीय स्तर पर महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाना लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस ने सामुदायिक भागीदारी की दिशा में एक प्रयास किया है। पुलिस की ओर से महिला वालंटियर फोर्स (एमवीएफ) का गठन किया गया है।

इसके लिए कमिश्नरेट के 24 थाना क्षेत्रों से कुल 591 महिलाओं को चिह्नित किया गया है। यह महिलाएं पुलिस और समाज के बीच सेतु की भूमिका निभाते हुए महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से पुलिस तक पहुंचाने में सहयोग करेंगी।

एमवीएफ में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय और अनुभवी महिलाओं को जोड़ा जा रहा है। इनमें डाक्टर, अधिवक्ता, शिक्षिकाएं, समाजसेवी, गृहिणियां, काउंसलर, उद्यमी और अन्य क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाएं शामिल की जा रही हैं।

महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाना लक्ष्य

अधिकारियों के मुताबिक इसका उद्देश्य केवल शिकायतों को पुलिस तक पहुंचाना नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करने में सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना है। महिला वालंटियर्स महिलाओं और बालिकाओं से संबंधित समस्याओं को पुलिस तक पहुंचाने में मदद करेंगी।

साथ ही महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने, जरूरतमंद महिलाओं को सरकारी योजनाओं और सहायता तंत्र की जानकारी देने तथा आवश्यकता पड़ने पर काउंसलिंग और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराने में सहायता करेंगी।

स्कूल-कालेज और अन्य संस्थानों में महिला सुरक्षा व साइबर सुरक्षा से जुड़े जागरूकता कार्यक्रमों में भी इनकी भूमिका होगी।

पुलिस ने थाना स्तर पर इस नेटवर्क को स्थानीय परिस्थितियों और जरूरतों के अनुरूप सक्रिय करने की योजना बनाई है। वालंटियर्स महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं और चुनौतियों को पुलिस के संज्ञान में लाने के साथ सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों में भी भाग लेंगी।

पुलिस के अनुसार इससे पुलिस कम्युनिटी पार्टनरशिप को मजबूती मिलेगी और महिलाओं की सुरक्षा के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी।

विजयनगर से जुड़ी सर्वाधिक महिलाएं

सबसे अधिक 42 महिला वालंटियर्स विजयनगर थाना क्षेत्र से चिह्नित की गई हैं। टीलामोड़ से 39, कोतवाली नगर से 27, सिहानी गेट और वेव सिटी से 26-26 तथा कई अन्य थाना क्षेत्रों से 20 से 25 वालंटियर्स चुनी गई हैं। कुल संख्या 591 है।

यह भी पढ़ें- जालंधर में ऑटो से पैसे चोरी करने पहुंचे युवक को चालकों ने दबोचा, जमकर की धुनाई; पुलिस के किया हवाले

यह भी पढ़ें- गाड़ी में बैठकर शराब पीने वालों की खैर नहीं, लुधियाना में पुलिस की सरप्राइज चेकिंग; काटे चालान

डिजिटल वालंटियर्स फोर्स की तर्ज पर एमवीएफ का गठन किया गया है। शीघ्र एमवीएफ से जुड़ी महिलाओं के साथ बैठक कर समाज में कुछ बेहतर करने के लिए चर्चा की जाएगी।

-

जे रविंदर गौड, पुलिस आयुक्त